
बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस ने बरेली में जबरन धर्मांतरण कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फैजनगर स्थित एक मदरसे में छापा मारकर दृष्टिबाधित युवक प्रभात उपाध्याय को बरामद किया, जिसे जबरन धर्मांतरण कर हामिद बनाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस ने गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई अलीगढ़ निवासी अखिलेश कुमारी की शिकायत पर की गई। अखिलेश कुमारी ने पुलिस को बताया था कि उसके दृष्टिबाधित बेटे प्रभात को कुछ लोग लगातार शादी का प्रलोभन देकर धर्म बदलने का दबाव बना रहे हैं और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं।
पुलिस जांच में मोहम्मद फईम नामक शख्स का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम ने फैजनगर गांव के मदरसे में छापा मारा। यहां चार लोग प्रभात को घेरकर बैठे थे और उसके खतने की प्रक्रिया चल रही थी। पुलिस ने जब प्रभात को आवाज दी तो उसने अपना नाम हामिद बताया। पूछताछ में साफ हुआ कि यह वही प्रभात उपाध्याय है, जो अलीगढ़ के महुआ खेड़ा थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी क्वार्सी का रहने वाला है। मौके से पुलिस ने धर्मांतरण संबंधी 10 पुस्तकें, 12 सीडी (जिनमें जाकिर नाईक के भाषण प्रमुख हैं), एक पासपोर्ट, कई आधार कार्ड और तीन धर्मांतरण सर्टिफिकेट बरामद किए हैं। एसपी अंशिका वर्मा ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से कमजोर वर्ग और दिव्यांग लोगों को निशाना बनाकर धर्मांतरण करा रहा था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

