
नई दिल्ली। जिस वायरस ने पूरी दुनिया को मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग सिखाई थी, वह एक बार फिर भारत में दस्तक देने लगा है। दिल्ली, केरल, गुजरात, हरियाणा और कर्नाटक जैसे राज्यों में नए कोविड मामलों ने सरकार की नींद उड़ा दी है। भले ही लक्षण हल्के हैं, लेकिन तीन साल पुराना डर फिर से सिर उठाने लगा है। अस्पतालों को अलर्ट पर डाल दिया गया है और नागरिकों से अपील की जा रही है—एहतियात ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
दिल्ली में अलर्ट मोड, अस्पतालों को मिले निर्देश
दिल्ली सरकार ने कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, शहर में फिलहाल 23 सक्रिय कोविड केस हैं। अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, दवाएं, वैक्सीन और वेंटिलेटर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। सभी पॉजिटिव सैंपल्स को जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए लोक नायक अस्पताल भेजा जाएगा।
हरियाणा में चार केस, सरकार ने कहा- घबराने की जरूरत नहीं
हरियाणा में गुरुग्राम और फरीदाबाद में दो-दो एक्टिव केस हैं। सभी मरीज होम आइसोलेशन में हैं और लक्षण हल्के हैं। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा, "हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन सभी नागरिक सावधानी बरतें।"
गुजरात, केरल और कर्नाटक में भी केस बढ़े
गुजरात: शुक्रवार को 15 नए केस
केरल: मई में अब तक 182 केस, सभी निगरानी में
कर्नाटक: 16 एक्टिव केस, बेंगलुरु में 9 महीने का बच्चा भी संक्रमित
स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने और जांच प्रक्रिया तेज़ करने के निर्देश दिए हैं।
केंद्र की अपील: "सतर्क रहें, घबराएं नहीं"
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, कोविड का यह नया उभार शुरुआती चरण में है और अधिकतर मामलों में लक्षण हल्के हैं। इसके बावजूद नागरिकों से अपील की गई है कि वे:
➡️ मास्क पहनें (भीड़ में अनिवार्य)
➡️ हाथ धोते रहें और सैनिटाइजर का प्रयोग करें
➡️ लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं
➡️ अफवाहों से बचें और सिर्फ सरकारी दिशा-निर्देशों पर ध्यान दें
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

