शनिवार, 07 मार्च 2026
Logo
National
Delhi Blast : अमित शाह बोले – सभी संभावनाओं पर हो रही गहन जांच, CCTV खंगाले जा रहे, पीएम मोदी लगातार लें रहे अपडेट
10 नव, 2025 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
Delhi Blast : अमित शाह बोले – सभी संभावनाओं पर हो रही गहन जांच, CCTV खंगाले जा रहे, पीएम मोदी लगातार लें रहे अपडेट

Delhi Blast : अमित शाह बोले – सभी संभावनाओं पर हो रही गहन जांच, CCTV खंगाले जा रहे, पीएम मोदी लगातार लें रहे अपडेट

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। सोमवार शाम देश की राजधानी में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए जोरदार धमाके ने पूरे देश को हिला दिया। घटना में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। धमाके के बाद दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश और नागपुर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, धमाका सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल के पास खड़ी एक हुंडई i20 कार में हुआ। धमाके की आवाज़ कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के घरों, दुकानों और मंदिरों की खिड़कियां चटक गईं।


सभी संभावनाओं पर जांच जारी है : अमित शाह 

गृह मंत्री अमित शाह ने धमाके पर अपनी पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “आज शाम लगभग 7 बजे दिल्ली में लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 कार में विस्फोट हुआ। कुछ पैदल यात्री घायल हो गए और कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचा। प्रारंभिक रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि कुछ लोगों की जान चली गई है।” अमित शाह ने बताया कि धमाके की सूचना मिलते ही 10 मिनट के भीतर दिल्ली क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं।  उन्होंने आगे कहा, “आसपास के सभी CCTV कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस आयुक्त और विशेष शाखा प्रभारी मौके पर हैं। हम सभी संभावनाओं पर विचार कर रहे हैं और गहन जांच कर रहे हैं। मैं स्वयं भी घटनास्थल और अस्पताल जाऊंगा।”


एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें जांच में जुटीं

गृह मंत्रालय के निर्देश पर एनआईए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) और एनएसजी (राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड) की टीमें एफएसएल विशेषज्ञों के साथ घटनास्थल पर पहुंच चुकी हैं। मौके से कार के अवशेष और विस्फोटक के नमूने जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में किसी बड़े आतंकी साजिश की संभावना से इनकार नहीं किया गया है।


पीएम मोदी ने लिया अपडेट, अमित शाह से की बात

धमाके के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और पूरी स्थिति की जानकारी ली। सरकारी सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और जांच एजेंसियों से हर अपडेट ले रहे हैं।


देशभर में बढ़ी सुरक्षा, आरएसएस मुख्यालयों पर भी कड़ा पहरा

धमाके के बाद दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश और नागपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आरएसएस मुख्यालयों और अन्य संवेदनशील स्थलों के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, खुफिया ब्यूरो (IB) और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है।


घायलों को एलएनजेपी हॉस्पिटल में भर्ती

इस हादसे में घायल सभी 12 लोगों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है। अमित शाह ने अस्पताल प्रशासन से भी संपर्क कर घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं।


News World Web की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि आसपास की सड़कों पर कई वाहनों के शॉक सेंसर्स एक्टिव हो गए।  स्थानीय लोगों का कहना है,“ऐसा लगा जैसे भूकंप आया हो… सब कुछ हिल गया।” फिलहाल एनआईए की टीमें सभी एंगल से जांच में जुटी हैं — आतंकी साजिश से लेकर तकनीकी विस्फोट तक हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें