
नई दिल्ली। देश की राजधानी सोमवार शाम एक भयावह धमाके से कांप उठी। लाल किले मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 पर एक हुंडई i20 कार में हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। आग की लपटों ने आसपास की कई गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण धमाके में 9 लोगों की मौत और 20 से अधिक घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि यह फिदायीन (आत्मघाती) हमला था।
कैसे हुआ धमाका?
सोमवार शाम करीब 6:55 बजे सुभाष मार्ग पर ट्रैफिक सिग्नल के दौरान कार में अचानक विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि मेट्रो स्टेशन के शीशे चकनाचूर हो गए, सड़क पर मलबा और धुआं फैल गया।
चश्मदीदों ने बताया कि "आवाज़ इतनी तेज थी कि लोग डरकर भागने लगे" — इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
‘फिदायीन अटैक’ का शक
दिल्ली पुलिस और एजेंसियों को शुरुआती जांच में यह एक आत्मघाती हमला प्रतीत हो रहा है। सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध ने फरीदाबाद में उजागर हुए आतंकी मॉड्यूल के बाद जल्दबाजी में यह हमला किया। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने “भंडाफोड़ के डर से पहले ही खुद को उड़ाने की योजना बनाई।”
कार की खरीद-फरोख्त में संदिग्ध कड़ी
धमाके में इस्तेमाल कार (नंबर HR 26 CE 7674) कई बार फर्जी आईडी पर बेची गई थी। सूत्रों के अनुसार, यह वाहन पहले पुलवामा से जुड़े एक व्यक्ति को बेचा गया था। एनआईए (NIA) और एनएसजी (NSG) की टीमें मौके से साक्ष्य जुटा रही हैं। फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल से 350 किलो विस्फोटक के अवशेष मिले हैं, जो फरीदाबाद टेरर नेटवर्क से मेल खाते हैं।
देशभर में हाई अलर्ट
घटना के बाद दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों
उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, बिहार और उत्तराखंड में हाई अलर्ट जारी किया गया है। एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, मॉल्स और बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। लाल किला मेट्रो स्टेशन बंद कर दिया गया है, जबकि चांदनी चौक बाजार मंगलवार को पूरी तरह बंद रहा। गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने घटनास्थल और अस्पतालों का दौरा किया।
पीएम मोदी बोले — “षड्यंत्रकारियों को बख्शा नहीं जाएगा”
भूटान में मौजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “दिल्ली धमाके के साजिशकर्ताओं को बख्शा नहीं जाएगा। जांच एजेंसियां साजिश की जड़ तक जाएंगी।” उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि “पूरा देश इस कठिन घड़ी में उनके साथ खड़ा है।”
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

