शनिवार, 07 मार्च 2026
Logo
National
दहशत में दिल्ली! लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका,10 की मौत, कई घायल
10 नव, 2025 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
दहशत में दिल्ली! लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका,10 की मौत, कई घायल

दहशत में दिल्ली! लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका,10 की मौत, कई घायल

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली सोमवार शाम एक बड़े धमाके से दहल उठी। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। धमाके की आवाज़ कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई, जिससे आसपास के घरों, दुकानों और मंदिरों की खिड़कियां-दरवाजे चकनाचूर हो गए। अब तक की जानकारी के मुताबिक, 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को नजदीकी एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


कार में हुआ धमाका, 5 से ज्यादा गाड़ियों के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका खड़ी हुई कार में हुआ, जिसके बाद आग ने भयानक रूप ले लिया। पास में खड़ी दो और कारें भी जलकर खाक हो गईं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि 5 से 6 वाहनों के परखच्चे उड़ गए। आसपास का इलाका धुएं और आग की लपटों से भर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि धमाके के बाद लाजपत राय बाजार क्षेत्र में आग लग गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।


पुलिस, एनआईए और बम निरोधक दस्ता मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और आसपास की मेट्रो सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं हैं। हालांकि शुरूआती जांच में किसी आतंकी संगठन की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।


अमित शाह ने ली रिपोर्ट, दिल्ली-मुंबई-यूपी में हाई अलर्ट

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तुरंत दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा, खुफिया ब्यूरो प्रमुख तपन डेका और एनआईए प्रमुख सदानंद वसंत दाते से बातचीत की। अमित शाह ने निर्देश दिया है कि एनआईए की विशेष टीम तुरंत मौके पर पहुंचे और जांच शुरू करे। इसके साथ ही दिल्ली, मुंबई और उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।


7 दमकल गाड़ियां मौके पर, आग पर काबू पाया गया

दिल्ली अग्निशमन विभाग ने बताया कि शाम 6 बजकर 55 मिनट पर धमाके की सूचना मिली थी। 7 दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल इलाके में राहत और बचाव कार्य जारी है।


News World Web की टीम को मौके से जानकारी मिली है कि स्थानीय लोग अभी भी डर के माहौल में हैं। कई लोगों ने बताया कि धमाके के बाद “ऐसा लगा जैसे पूरा इलाका हिल गया हो”।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें