
पंजाब के मोहाली में एक मोमोज और स्प्रिंग रोल बनाने वाली फैक्ट्री में गंदगी और अस्वच्छता की शिकायतों पर छापा मारने के दौरान अधिकारियों को फ्रिज में कुत्ते का कटा हुआ सिर मिला।
कैसे हुआ खुलासा?
मोहाली के मातौर गांव में चल रही इस फैक्ट्री का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें गंदगी और खराब सफाई व्यवस्था साफ देखी जा सकती थी। इस वीडियो के आधार पर जिला स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीम ने फैक्ट्री पर छापा मारा। जांच के दौरान अधिकारियों को फ्रिज में कुत्ते का कटा हुआ सिर मिला, जो संभवतः पग नस्ल का था।
क्या कुत्ते का मांस मोमोज में मिलाया जा रहा था?
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुत्ते के मांस का इस्तेमाल मोमोज और स्प्रिंग रोल में नहीं किया जा रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, फैक्ट्री में काम करने वाले नेपाली मजदूर इसे कथित रूप से अपने निजी इस्तेमाल के लिए रखे हुए थे। इसके बावजूद, स्वास्थ्य विभाग ने सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए भेज दिए हैं।
हर दिन 1 क्विंटल मोमोज की सप्लाई
यह फैक्ट्री पिछले दो सालों से चंडीगढ़, पंचकूला और कालका में प्रतिदिन एक क्विंटल से अधिक मोमोज और स्प्रिंग रोल की सप्लाई कर रही थी। फैक्ट्री से बासी और सड़े हुए मांस, मोमोज, स्प्रिंग रोल और सॉस के सैंपल लिए गए हैं।
फैक्ट्री पर जुर्माना और कड़ी कार्रवाई
नगर निगम ने फैक्ट्री मालिक पर ₹12,000 का जुर्माना लगाया, क्योंकि वहां अवैध रूप से पशुओं का वध किया जा रहा था। इसके अलावा, प्लास्टिक बैग्स की भारी मात्रा मिलने पर ₹10,000 का अतिरिक्त जुर्माना भी ठोका गया।
आगे क्या होगा?
कुत्ते के सिर को वेटरनरी विभाग को जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसका फैक्ट्री के उत्पादों में इस्तेमाल हो रहा था या नहीं। नगर निगम के आयुक्त परमिंदर पाल सिंह ने कहा कि गंदे और अस्वस्थ खाद्य पदार्थ बनाने वाले ऐसे सभी यूनिट्स की जांच होगी और उनके लाइसेंस की भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा, "हमारा मुख्य उद्देश्य जनता को मिलावटी और अस्वस्थ खाने से बचाना है।"
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

