
नई दिल्ली। दो प्रदेशों में राज्यपाल और लद्दाख में एलजी की नियुक्ति हुई है। प्रोफेसर अशीम कुमार घोष को हरियाणा और पुसापति अशोक गजपति राजू को गोवा का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।वहीं कविंदर गुप्ता को लद्दाख का एलजी नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के उपराज्यपाल पद से बीडी मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। कविंदर गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल, राजू को गोवा का राज्यपाल और प्रोफेसर अशीम कुमार घोष को हरियाणा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है।
तेलुगू देशम पार्टी से ताल्लुक रखते हैं पीए गणपति राजू
पीए गणपति राजू गृह मामलों की स्थायी समिति के 2018 से सदस्य हैं। इसके अलावा राजू 27 मई 2014 से 10 मार्च 2018 तक केंद्रीय कैबिनेट मंत्री रहे। मई 2014 में 16वीं लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। 1999 से 2004 तक वे आंध्र प्रदेश सरकार में राजस्व मंत्री रहे। 1978 से 2014 के बीच गणपति राजू सात बार आंध्र प्रदेश विधान सभा के सदस्य रहे।
पश्चिम बंगाल से ताल्लुक रखते हैं प्रोफेसर अशीम कुमार घोष
प्रो.अशीम कुमार घोष एक वरिष्ठ राजनीतिज्ञ और शिक्षाविद हैं। अशीम कुमार पश्चिम बंगाल बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। 1944 में हावड़ा में जन्मे घोष ने कोलकाता के विद्यासागर कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। बाद में वे कई वर्षों तक राजनीति विज्ञान के प्रोफेसर रहे। प्रो. घोष 1991 में भाजपा में शामिल हुए। वे 1999 से 2002 तक पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष रहे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने बंगाल में पार्टी की जमीनी स्तर पर उपस्थिति बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें 2003 से 2005 तक त्रिपुरा के लिए भाजपा का पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया गया।
कविंदर गुप्ता बने लद्दाख के एलजी
कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर से आने वाले एक प्रमुख भाजपा नेता हैं। कविंदर गुप्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के भी लंबे समय से सदस्य हैं। कविंदर गुप्ता लगातार तीन बार जम्मू के मेयर चुने गए। यह शहर में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने महबूबा मुफ्ती के नेतृत्व वाली पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

