
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच भारत सरकार ने शनिवार को अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस की। रक्षा मंत्रालय की ओर से कर्नल सोफिया कुरैशी और विदेश मंत्रालय की ओर से विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पत्रकारों को संबोधित किया। इस दौरान पाकिस्तान द्वारा फैलाए जा रहे झूठे दावों और प्रोपेगेंडा का डाक्यूमेंट्री सबूतों के साथ खंडन किया गया।
कर्नल कुरैशी ने पाकिस्तान की झूठी कहानी को किया बेनकाब
कर्नल कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान ने आदमपुर, भुज, पठानकोट और उधमपुर एयरबेस पर हाई-स्पीड मिसाइल से हमला किया, जिसमें कुछ नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन कोई बड़ा सैन्य ठिकाना तबाह नहीं हुआ। उन्होंने पाकिस्तान के इस दावे को खारिज कर दिया कि भारत की ब्रह्मोस फैसिलिटी और S-400 डिफेंस सिस्टम को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि सभी संवेदनशील सैन्य परिसंपत्तियाँ पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पाकिस्तान की नई चाल – नागरिक विमानों की आड़ में हमला
कर्नल कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान ने नागरिक विमानों की आड़ में सैन्य हमले किए, जो अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन है। इसके बावजूद भारत ने सटीक और संयमित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पाकिस्तान के हथियार भंडार, ड्रोन अड्डे और घुसपैठ प्रयासों को विफल कर दिया गया।
“भारत संघर्ष नहीं चाहता, लेकिन हम हर जवाब देने के लिए तैयार हैं।” — कर्नल सोफिया कुरैशी
26 जगहों पर घुसपैठ की कोशिश, भारतीय सेना ने ध्वस्त किया
कर्नल ने खुलासा किया कि पाकिस्तान ने 26 से अधिक स्थानों पर घुसपैठ की कोशिश की, लेकिन भारतीय सेना ने उन्हें सीमा पर ही रोक दिया। पंजाब के एयरबेस स्टेशनों पर मिसाइल हमले की कोशिश को भी नाकाम कर दिया गया।
पाकिस्तान की झूठी लिस्ट: आदमपुर, सूरतपुर, नगरोटा, ब्रह्मोस… सब सुरक्षित
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल ने बताया कि पाकिस्तान का दावा है कि उसने ब्रह्मोस फैसिलिटी, S400 साइट और नगरोटा गोला-बारूद डिपो को तबाह किया है, जबकि यह सरासर झूठ है। उन्होंने इन ठिकानों की ताज़ा तस्वीरें मीडिया को दिखाईं, जिनमें सभी सुविधाएं सामान्य दिखीं।
विदेश सचिव विक्रम मिसरी का करारा बयान
विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह सरकारी एजेंसियों के ज़रिए झूठा प्रोपेगेंडा फैला रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान नागरिक इलाकों, अस्पतालों और स्कूलों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहा है।
"पाकिस्तान संघर्ष भड़काना चाहता है, लेकिन भारत जिम्मेदारी और संयम से काम ले रहा है।" — विक्रम मिसरी
पाकिस्तान की ताज़ा गोलाबारी में राजौरी में अधिकारी शहीद
विदेश सचिव ने बताया कि आज सुबह राजौरी में पाकिस्तान की गोलीबारी में एक प्रशासनिक अधिकारी की मौत हो गई। इसके अलावा जालंधर, फिरोजपुर और अमृतसर में भी मिसाइल हमले की नाकाम कोशिशें हुईं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाए गए सबूत
भारत सरकार ने प्रेस ब्रीफिंग में एयरबेस, सैन्य अड्डों और संवेदनशील सुविधाओं की रियल टाइम तस्वीरें और सैटेलाइट फीड दिखाकर पाकिस्तानी दावों की धज्जियां उड़ा दीं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

