
नई दिल्ली, 24 अप्रैल 2025
22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले में 26 लोगों की दर्दनाक मौत के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े और निर्णायक कदम उठाए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) की आपात बैठक में 5 महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की गई।
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल समेत शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी रही। ढाई घंटे तक चली इस बैठक के बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने प्रेस को संबोधित किया।
भारत सरकार के 5 बड़े फैसले:
1. सिंधु जल संधि स्थगित
भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को अस्थायी रूप से स्थगित करने का फैसला किया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद का समर्थन बंद नहीं करता, तब तक यह संधि प्रभाव में नहीं आएगी।
2. अटारी-वाघा बॉर्डर सील
अटारी-वाघा चेकपोस्ट को तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया गया है। जिन पाकिस्तानी नागरिकों ने वैध दस्तावेज के साथ भारत में प्रवेश किया है, उन्हें 1 मई 2025 तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है।
3. SAARC वीज़ा छूट योजना रद्द
SVES (SAARC Visa Exemption Scheme) के तहत भारत में प्रवेश करने वाले सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द कर दिए गए हैं। पहले से मौजूद नागरिकों को 48 घंटे में भारत छोड़ने का निर्देश जारी किया गया है।
4. पाकिस्तानी उच्चायोग से रक्षा सलाहकार निष्कासित
दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में तैनात रक्षा और सैन्य सलाहकारों को 'पर्सोना नॉन ग्राटा' घोषित किया गया है। इन्हें एक सप्ताह के भीतर भारत छोड़ने को कहा गया है। भारत ने भी इस्लामाबाद से अपने समकक्ष स्टाफ को वापस बुलाने का निर्णय लिया है।
5. उच्चायोग स्टाफ में कटौती
दोनों देशों के उच्चायोगों में कर्मचारियों की संख्या 55 से घटाकर 30 की जा रही है। यह निर्णय 1 मई 2025 से प्रभावी होगा।
सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक
सरकार ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए गुरुवार को एक सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है, जिसमें सभी राजनीतिक दलों को हमले की स्थिति और लिए गए निर्णयों से अवगत कराया जाएगा।
हमले की जिम्मेदारी ली लश्कर के 'द रजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) ने
पहलगाम के बैसरन क्षेत्र में हुए इस हमले में 26 लोगों की जान गई, जिनमें 1 नेपाली और 1 UAE का नागरिक शामिल है। 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मृतकों में यूपी, एमपी, महाराष्ट्र, गुजरात, तमिलनाडु, कर्नाटक और ओडिशा के पर्यटक शामिल हैं।
हमले के पीछे पाकिस्तान का हाथ
इंटेलिजेंस एजेंसियों ने हमले के पीछे लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह खालिद का हाथ बताया है, जो वर्तमान में पाकिस्तान में है। प्रारंभिक जांच में 5 आतंकियों के शामिल होने की पुष्टि हुई है—जिनमें 2 स्थानीय और 3 पाकिस्तानी नागरिक थे।
संदिग्ध आतंकियों के स्केच जारी
सुरक्षा एजेंसियों ने हमले में शामिल आतंकियों के स्केच जारी कर दिए हैं। इनके नाम हैं – आसिफ फौजी, सुलेमान शाह और अबू तल्हा। इन्हें पकड़ने के लिए घाटी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

