
भोपाल। मध्यप्रदेश की आर्थिक रफ्तार को नई उड़ान देने सीएम मोहन यादव अब पंजाब की सरजमीं पर दस्तक देने जा रहे हैं। बेंगलुरु और सूरत के बाद अब लुधियाना में सोमवार को राज्य सरकार का तीसरा निवेशक संवाद और रोड शो आयोजित किया जा रहा है। इस हाई-प्रोफाइल इवेंट में टेक्सटाइल, मैन्युफैक्चरिंग, फूड प्रोसेसिंग और आईटी जैसे सेक्टरों में निवेश की संभावनाओं को लेकर मुख्यमंत्री पंजाब के उद्योगपतियों से सीधे संवाद करेंगे। सीएम मोहन यादव ट्राइडेंट और वर्धमान ग्रुप जैसे इंडस्ट्रियल टाइटंस से भी मुलाकात करेंगे।
लुधियाना में आयोजित इस रोड शो के माध्यम से राज्य सरकार ने मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर एक नई पहल शुरू की है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लुधियाना के वर्धमान टेक्सटाइल, दीपक फास्टनर जैसे नामी औद्योगिक प्रतिष्ठानों का दौरा करेंगे। वे इन उद्योगों की तकनीकी दक्षता, उत्पादन प्रक्रिया और प्रबंधन प्रणाली का अध्ययन करेंगे, जिससे मध्यप्रदेश में स्मार्ट इंडस्ट्रियल मॉडल्स को लागू किया जा सके।
शाम को सीएम यादव ट्राइडेंट ग्रुप के मुख्यालय में होने वाले हाई-टी इंटरैक्शन में हिस्सा लेंगे, जहां कंपनी के नेतृत्व से संभावित निवेश और साझेदारी के पहलुओं पर बातचीत होगी।
सीएम की वन-टू-वन बैठकें और विशेष सत्र
इस रोड शो का प्रमुख आकर्षण सीएम की वन-टू-वन बैठकें रहेंगी, जहां वे लुधियाना के प्रमुख निवेशकों, उद्यमियों और इंडस्ट्री लीडर्स से आमने-सामने चर्चा करेंगे। इन बैठकों में संभावित निवेश प्रस्तावों, राज्य सरकार से अपेक्षित सहयोग, औद्योगिक नीतियों, इन्फ्रास्ट्रक्चर और लॉजिस्टिक्स सॉल्यूशन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक नीति, PM मित्र पार्क, टेक्सटाइल O.D.O.P योजना, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स, और लॉजिस्टिक्स-सक्षम क्लस्टर्स की जानकारी भी देंगे, जिससे उन्हें राज्य में निवेश के लिए आकर्षित किया जा सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

