
भारतीय जनता पार्टी को नया कप्तान मिल गया है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को नितिन नबीन को पार्टी का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया। घोषणा के बाद का माहौल बेहद भावुक और उत्साह से भरा रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद नितिन का हाथ पकड़कर उन्हें अध्यक्ष के दफ्तर ले गए, कुर्सी पर बैठाया और मिठाई खिलाकर बधाई दी। यह पल भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए यादगार बन गया।
भाजपा मुख्यालय में भव्य स्वागत
अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन ने पार्टी मुख्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा।
मंच पर पीएम मोदी ने पहनाई माला
चुनाव प्रभारी द्वारा निर्वाचन पत्र सौंपे जाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। मंच पर राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। नेताओं ने कहा कि नितिन के नेतृत्व में पार्टी संगठन और मजबूत होगा।
सबसे कम उम्र के अध्यक्ष बने नितिन
पीएम मोदी नितिन को अध्यक्ष कार्यालय तक लेकर गए और खुद अपने हाथों से उन्हें कुर्सी पर बैठाया। 45 वर्षीय नितिन नबीन भाजपा के अब तक के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उनकी चुनाव प्रक्रिया 19 जनवरी को दिल्ली मुख्यालय में पूरी हुई थी।
नियुक्ति पत्र पर दस्तखत, पीएम ने थपथपाई पीठ
नितिन ने पद संभालते ही नियुक्ति पत्र पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने उनकी पीठ थपथपाकर हौसला बढ़ाया। अपने संबोधन में पीएम ने कहा कि नितिन उस पीढ़ी के नेता हैं जिन्होंने बचपन में रेडियो पर खबरें सुनीं और आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर को समझते हैं—उनमें युवा ऊर्जा भी है और अनुभव भी।
परिवार से मिले पीएम मोदी
पदभार ग्रहण समारोह में नितिन की पत्नी दीपमाला, बेटे नैतिक और बेटी नित्या भी मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री ने परिवार से मुलाकात की और ढाई साल की नित्या को गोद में उठाकर दुलार किया। यह दृश्य कार्यक्रम का सबसे भावुक पल रहा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

