
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम लाल किले के पास हुए धमाके ने पूरे देश को हिला दिया है। इस धमाके को बड़ी सुरक्षा चूक माना जा रहा है। इसके बाद केंद्र और राज्य सरकारें एक्शन मोड में आ गई हैं। दिल्ली-एनसीआर समेत देश के 11 राज्यों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
किन राज्यों में अलर्ट
दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, उत्तराखंड और राजस्थान में सुरक्षा एजेंसियां चौकन्नी हैं। इसके अलावा तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी सुरक्षा निगरानी बढ़ा दी गई है।
नागपुर में RSS मुख्यालय पर भी सख्ती
दिल्ली के IGI एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में CISF तैनात है। पाकिस्तान बॉर्डर से सटे राजस्थान, पंजाब और गुजरात को संवेदनशील मानते हुए अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। मुंबई में 26/11 हमले की यादों के बीच सतर्कता बढ़ा दी गई है। वहीं नागपुर स्थित RSS मुख्यालय को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।
ज़िला स्तर पर सर्च अभियान
हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर के गुरुग्राम, झज्जर और सोनीपत में बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और होटल्स की सघन चेकिंग जारी है। पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और बॉर्डर पर आने-जाने वाली गाड़ियों की सख्त तलाशी ली जा रही है।
यूपी में मथुरा, काशी और अयोध्या पर फोकस
सीएम योगी आदित्यनाथ ने राज्य को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। अयोध्या, काशी और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात हैं। ATS और QRT टीमों को किसी भी स्थिति के लिए तैयार रहने के आदेश मिले हैं।
उत्तराखंड और पंजाब भी अलर्ट पर
उत्तराखंड के सभी 13 जिले — देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और उधम सिंह नगर समेत — पुलिस सतर्क है। पंजाब में भी सार्वजनिक स्थलों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध वस्तुओं पर नज़र रखी जा रही है। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
उज्जैन महाकाल मंदिर और जयपुर में सुरक्षा कड़ी
मध्य प्रदेश में उज्जैन के महाकाल मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई गई है। छत्तीसगढ़ के रायपुर में एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन और कोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चल रहा है। राजस्थान में जयपुर, अजमेर, उदयपुर और जोधपुर में नाकाबंदी के साथ सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। अजमेर दरगाह के बाहर RAC के जवान तैनात हैं।
बिहार-नेपाल बॉर्डर पर सख्त निगरानी
नेपाल से सटे बिहार के सात जिलों में हाई अलर्ट जारी है। राज्य के सीमावर्ती इलाकों में चेकिंग और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को रोका जा सके।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

