शनिवार, 07 मार्च 2026
Logo
National
PM मोदी का बड़ा ऐलान: ‘चिप से शिप तक भारत में बनाएंगे’ — नोएडा ट्रेड शो से आत्मनिर्भर भारत का नया मंत्र!
25 सित, 2025 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
PM मोदी का बड़ा ऐलान: ‘चिप से शिप तक भारत में बनाएंगे’ —

PM मोदी का बड़ा ऐलान: ‘चिप से शिप तक भारत में बनाएंगे’ —

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट गुरुवार को ऐतिहासिक पल का गवाह बना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का शुभारंभ किया। हॉल तालियों से गूंज उठा जब पीएम ने मंच से कहा—

 “हम चिप से शिप तक भारत में बनाना चाहते हैं। इसलिए अपना बिजनेस मॉडल ऐसा बनाइए जो आत्मनिर्भर भारत को मजबूती देता हो।” उनके इस संदेश ने न केवल वहां मौजूद कारोबारियों बल्कि पूरे देश के उद्यमियों को नई ऊर्जा दी।


ट्रेड शो में पहली बार AI का डेमो, 2400 से ज्यादा स्टॉल

यह भव्य ट्रेड शो 29 सितंबर तक चलेगा और इसमें हर दिन सुबह से रात तक सेमिनार और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रूस इस बार पार्टनर देश के रूप में शामिल है। अनुमान है कि इस शो में करीब 5 हजार करोड़ रुपये का व्यापार होगा। खास बात यह कि पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल का लाइव डेमो होगा। यूपी के 40 जिलों के उत्पाद यहां ग्लोबल प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित किए जा रहे हैं। 2400 से ज्यादा स्टॉल लगाए गए हैं, जहां MSME और बड़े उद्योगपति अपनी ताकत दिखा रहे हैं।


पीएम मोदी ने दिया सीएम योगी को श्रेय

पीएम मोदी ने कहा, “इस बार ट्रेड शो का कंट्री पार्टनर रूस है। मैं सीएम योगी और सरकार के अन्य साथियों को इस आयोजन के लिए बहुत बधाई देता हूं। आज हम सभी के मार्गदर्शन पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने हमें अंत्योदय की राह दिखाई थी।”

उन्होंने आगे समझाया, “अंत्योदय यानी जो सबसे आखिरी में है उसका उदय हो। गरीब से गरीब तक विकास पहुंचे और भेदभाव समाप्त हो। यही अंत्योदय है और आज भारत विकास का यही मॉडल दुनिया को दे रहा है।”


GEM पोर्टल से बदल रही तस्वीर

पीएम मोदी ने GEM (Government e-Marketplace) पोर्टल का जिक्र करते हुए कहा, “अब तक GEM के माध्यम से भारत सरकार 15 लाख करोड़ रुपए का सामान या सर्विस खरीद चुकी है। पहले की सरकारों में ये सोचना भी असंभव था। आज देश के किसी कोने में बैठा एक छोटा कारोबारी भी GEM पर सामान बेच रहा है। यही असली अंत्योदय है।”


भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र की राह पर

पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत आने वाले दशकों की नींव मजबूत कर रहा है। “हमारा संकल्प है—आत्मनिर्भर भारत। दुनिया में जो देश जितना दूसरों पर निर्भर रहेगा, उसकी ग्रोथ उतनी ही कम्प्रोमाइज होगी। भारत को अब किसी पर निर्भर रहना मंजूर नहीं। हमें आत्मनिर्भर बनना ही होगा।”


“हर प्रोडक्ट भारत में बनेगा”

प्रधानमंत्री ने जोर देते हुए कहा, “हर वो प्रोडक्ट जो हम भारत में बना सकते हैं, वो यहीं बनाना है। आप आत्मनिर्भर भारत के बड़े स्टेकहोल्डर हैं। अपना बिजनेस मॉडल ऐसा बनाइए जो देश को आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत करे। सरकार मेक इन इंडिया पर जोर दे रही है। हम चिप से शिप तक भारत में बनाना चाहते हैं।”


यूपी बना देश का एक्सप्रेस-वे और एयरपोर्ट हब

मोदी ने यूपी की तारीफ करते हुए कहा, यूपी देश का सबसे ज्यादा एक्सप्रेस-वे वाला राज्य बन गया है। यूपी सबसे ज्यादा इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला प्रदेश भी बन चुका है। हेरिटेज टूरिज्म और नमामि गंगे जैसे अभियानों ने यूपी को क्रूज टूरिज्म के नक्शे पर ला दिया है। ODOP (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) योजना से यूपी के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचे हैं।


मोबाइल और सेमीकंडक्टर हब बन रहा यूपी

पीएम मोदी ने कहा, “आज पूरे भारत में जितने मोबाइल फोन बनते हैं, उनमें से 55% मोबाइल उत्तर प्रदेश में बनते हैं। यूपी अब सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी भारत की आत्मनिर्भरता को मजबूती देगा। यहां से कुछ किलोमीटर दूर ही बड़ी सेमीकंडक्टर फैसिलिटी पर काम शुरू होने वाला है।” उन्होंने आह्वान किया, “यूपी में निवेश कीजिए, यूपी में मैन्युफैक्चर कीजिए। लाखों MSME का नेटवर्क है, उसका सामर्थ्य इस्तेमाल कीजिए और कंप्लीट प्रोडक्ट यहीं तैयार कीजिए। भारत सरकार और यूपी सरकार हर मदद के लिए तैयार है।”


GST सुधार से मिलेगी राहत

पीएम मोदी ने GST को लेकर भी बड़ा बयान दिया।

 “2014 से पहले एक हजार रुपए की शर्ट पर 117 रुपए टैक्स लगता था। 2017 में GST आने के बाद टैक्स घटकर 50 रुपए हुआ। अब नए GST रिफॉर्म के बाद एक हजार रुपए की शर्ट पर सिर्फ 35 रुपए टैक्स देना होगा।” उन्होंने कहा कि यह बदलाव MSME और आम लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आएगा।


विपक्ष पर साधा निशाना

पीएम मोदी ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा, “कुछ राजनीतिक दल GST की नई दरों को लेकर देश को भ्रमित कर रहे हैं। 2014 से पहले जो सरकार चला रही थी, उसने टैक्स की लूट मचाई थी। लूटे हुए धन में से भी लूट होती थी। आम नागरिक को टैक्स की मार से निचोड़ा जा रहा था। हमारी सरकार ने टैक्स को बड़े पैमाने पर कम किया है।”


मोदी की मुलाकात बोनी कपूर और अर्जुन से

इस कार्यक्रम में पीएम मोदी की मुलाकात प्रोड्यूसर बोनी कपूर और उनके बेटे अर्जुन कपूर से भी हुई। दोनों ने प्रधानमंत्री से आत्मनिर्भर भारत की दिशा में अपने विचार साझा किए।


आत्मनिर्भर भारत की नई उड़ान

नोएडा ट्रेड शो ने भारत के मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत अभियान को और गति दी है। पीएम मोदी के संदेश ने कारोबारियों को यह स्पष्ट कर दिया कि भविष्य भारत की अपनी ताकत पर टिका है। अब सवाल यह है कि क्या भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के अपने लक्ष्य तक पहुंच पाएगा? पीएम मोदी का भरोसा और देश की बढ़ती ताकत इस सपने को सच करने का इशारा कर रही है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें