
दरभंगा। बिहार में कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को अपशब्द कहे जाने पर प्रधानमंत्री भावुक हो गए। मंगलवार को बिहार में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि उनकी मां को गाली देना केवल उनका व्यक्तिगत अपमान नहीं, बल्कि देश की हर मां-बहन और बेटी का अपमान है।
उन्होंने भोजपुरी में कहा – “बिहार में माई के स्थान देवता-पित्तर से भी ऊपर होला”पीएम मोदी ने भावुक होते हुए कहा, “मेरी मां ने गरीबी देखी, संघर्ष देखे। उसी मां ने मुझे देश सेवा का आशीर्वाद दिया। आज वह इस दुनिया में नहीं हैं, राजनीति से उनका कोई संबंध नहीं था, फिर भी कांग्रेस और राजद के मंच से उन्हें भद्दी-भद्दी गालियां दी गईं। यह बहुत पीड़ा देने वाला है।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह व्यक्तिगत तौर पर गाली देने वालों को माफ कर देंगे, लेकिन बिहार की जनता इस अपमान को कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा, “मां ही तो हमारा संसार है, मां ही हमारा स्वाभिमान है। जिस मां ने मुझे देश सेवा का आशीर्वाद दिया, उसका क्या गुनाह था कि उसे गालियां दी गईं?”
पीएम मोदी ने आगे कहा कि उन्हें पता है बिहार की हर मां-बहन को भी इस अपमान से उतना ही दुख हुआ है, जितना उन्हें।“आज जब मैं लाखों माताओं-बहनों के दर्शन कर रहा हूं, तो अपना दुख आपके साथ साझा कर रहा हूं। ताकि आपके आशीर्वाद से इस पीड़ा को झेल पाऊं।”
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस और राजद पर तंज कसते हुए कहा कि सत्ता पाने की लालसा ने उन्हें इतना अंधा कर दिया है कि वे बिहार की संस्कृति और मातृशक्ति के सम्मान को भी भूल गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एक गरीब मां के बेटे को प्रधानसेवक बनाया है, यही सच्चाई उन्हें पच नहीं रही।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

