
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ वार और बढ़ते कूटनीतिक तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने अमेरिका का दौरा कर सकते हैं। वजह है—संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) का 80वां सत्र, जो 9 सितंबर से न्यूयॉर्क में शुरू होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पीकर की प्रस्तावित सूची में भारत के शासनाध्यक्ष (HG) के रूप में पीएम मोदी का नाम 26 सितंबर की सुबह के सत्र में दर्ज है।
ट्रंप और मोदी के बीच खटास के बाद पहली मुलाकात का मौका?
संयुक्त राष्ट्र की हाई-लेवल आम बहस 23 से 29 सितंबर तक चलेगी। ब्राजील पहला वक्ता होगा, उसके बाद अमेरिका की बारी आएगी। 23 सितंबर को डोनाल्ड ट्रंप इस मंच से अपने दूसरे कार्यकाल का पहला संबोधन देंगे। पीएम मोदी 26 सितंबर को भाषण देंगे, जहां वे पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर की हालिया परमाणु धमकी का जवाब भी दे सकते हैं।
गौरतलब है कि इस साल फरवरी में पीएम मोदी ने व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात की थी, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं—ट्रंप ने भारत पर 50% तक टैरिफ लगा दिए हैं।
टैरिफ पर भारत का सख्त रुख
अमेरिका का यह कदम रूस से तेल खरीदने को लेकर बताया जा रहा है। इस पर विदेश मंत्रालय ने कहा, “भारत को निशाना बनाना अनुचित और अविवेकपूर्ण है। हम अपने राष्ट्रीय हितों और आर्थिक सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।”
भारत पर टैरिफ लगने के बाद पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर भी अमेरिका गए थे और उन्होंने भारत को परमाणु हमले की धमकी दे डाली थी। ऐसे में मोदी का यह UN मंच से भाषण, भारत की विदेश नीति और वैश्विक रणनीति के लिए अहम माना जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

