
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को झारसुगुड़ा, उड़ीसा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश के 8 भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में विभिन्न अधोसंचरना विकास कार्यों का वर्चुअल शिलान्यास किया। इसमें आईआईटी भिलाई के फेस-2 परियोजना के कार्य भी शामिल हैं। समारोह का सीधा प्रसारण आईआईटी भिलाई परिसर के नालंदा व्याख्यान कक्ष में किया गया।
समारोह में छत्तीसगढ़ के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार व अनुसुचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और अहिवारा के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा भी उपस्थित थे। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के लिए यह गौरव की बात है कि देश के 8 आईआईटी में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास देश के प्रधानमंत्री की ओर से किया गया है। इसमें भिलाई के अलावा आईआईटी पटना, आईआईटी इंदौर, आईआईटी जोधपुर, आईआईटी तिरुपति, आईआईटी पलक्कड़, आईआईटी धारवाड़ और आईआईटी जम्मू शामिल है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहब ने कहा कि देश के साथ प्रदेश में भी तकनीकी शिक्षा का विस्तार होगा, जिससे नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में तकनीकी ज्ञान को प्राथमिकता देते हुए इसके विस्तार के लिए पहल कर रही है। आईआईटी भिलाई में फेस-2 परियोजना पूरी होने पर यहां शोधार्थी छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। आईआईटी भिलाई के निर्देशक प्रो. डॉ. राजीव प्रकाश ने आईआईटी की उपलब्धियों पर विस्तार पूर्वक प्रकाश डाला।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

