
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। उधमपुर जिले में सोमवार शाम हुए एनकाउंटर में जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक जवान शहीद हो गया। वहीं, जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकी घायल होने की सूचना है, हालांकि उसकी मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
उधमपुर के मजालता इलाके में हुआ एनकाउंटर
सुरक्षाबलों के मुताबिक, सोमवार शाम करीब 6 बजे उधमपुर के मजालता इलाके के सोआन गांव के पास तीन आतंकियों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
घेराबंदी के बाद शुरू हुई गोलीबारी
सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों को घेर लिया। इसी दौरान दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। आतंकियों की गोली जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) के जवान अमजद पठान को लगी। गंभीर रूप से घायल जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
एक आतंकी घायल, ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोका गया
शुरुआती मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी के घायल होने की आशंका है। अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन को रात के लिए रोक दिया गया है। सुरक्षाबलों ने बताया कि मंगलवार सुबह सर्च ऑपरेशन फिर से शुरू किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर में हाल के 3 बड़े ऑपरेशन
4 नवंबर 2025 | किश्तवाड़
किश्तवाड़ जिले के छत्रू स्थित कलाबन फॉरेस्ट एरिया में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर मुठभेड़ हुई। आतंकियों की फायरिंग में एक जवान घायल हो गया था। सूत्रों के अनुसार, इस इलाके में आतंकी ग्रुप पिछले कई महीनों से सक्रिय है।
13 अक्टूबर 2025 | कुपवाड़ा
कुपवाड़ा जिले में LOC के पास कुंबकडी जंगल में 12 घंटे चले ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया। आतंकी घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे, जिसे नाकाम किया गया।
8 सितंबर 2025 | कुलगाम
कुलगाम के गुड्डर जंगल में मुठभेड़ के दौरान सेना ने 2 आतंकियों को ढेर किया। इस ऑपरेशन को ‘ऑपरेशन गुड्डर’ नाम दिया गया था। इसमें घायल हुए दो जवान शहीद हो गए थे।
मार्च से अगस्त के बीच 7 सुरक्षाकर्मी शहीद
13 अगस्त: बारामूला के उरी सेक्टर में LoC पर गोलीबारी में एक जवान शहीद।
8 मई: पुंछ और तंगधार में पाकिस्तानी गोलाबारी में लांस नायक दिनेश कुमार शहीद।
12 अप्रैल: अखनूर के केरी बट्टल इलाके में मुठभेड़ में 9 पंजाब रेजिमेंट के JCO कुलदीप चंद शहीद।
28 मार्च: कठुआ एनकाउंटर में 2 आतंकी ढेर, SOG के 4 जवान शहीद और DSP धीरज सिंह समेत 3 जवान घायल।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
लगातार हो रही आतंकी गतिविधियों को देखते हुए जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। उधमपुर एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

