
नई दिल्ली। भारत आज अपने लोकप्रिय नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिन मना रहा है। इस मौके को भारतीय जनता पार्टी ने सिर्फ बधाइयों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि पूरे देश को सेवा पखवाड़ा की सौगात दी है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में समाजसेवा का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जो पहले कभी नहीं हुआ।
1000 जिलों में रक्तदान, 75 शहरों में ‘नमो दौड़’
भाजपा ने इस बार जश्न को सेवा के रूप में बदल दिया है। पार्टी ने ऐलान किया है कि देशभर के 1000 जिलों में बड़े रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। वहीं 75 प्रमुख शहरों में ‘नमो दौड़’ का आयोजन होगा। इसके साथ-साथ पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, हेल्थ कैंप और कई सामाजिक कार्यक्रमों की भी भव्य तैयारी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का खास संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। परिश्रम की पराकाष्ठा का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अपने असाधारण नेतृत्व से आपने देश में बड़े लक्ष्यों को प्राप्त करने की संस्कृति का संचार किया है। आज विश्व समुदाय भी आपके मार्गदर्शन में अपना विश्वास प्रकट कर रहा है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूँ कि आप सदा स्वस्थ और सानंद रहें तथा अपने अद्वितीय नेतृत्व से राष्ट्र को प्रगति के नए शिखरों पर पहुंचाएं।”
केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से लेकर विपक्षी दलों तक—सभी ने पीएम मोदी को उनके 75वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर #HappyBirthdayPMModi और #SevaPakhwada ट्रेंड कर रहे हैं।
देशभर में दिख रहा है ‘सेवा का जश्न’
भाजपा ने बताया कि इस 17 दिन तक चलने वाले अभियान का मकसद समाजसेवा के जरिए नए भारत की सोच को और मजबूत करना है। रक्तदान से लेकर स्वच्छता तक, हर पहलू में जनता की सीधी भागीदारी होगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

