
मोटरसाइकिल के शौकीनों के लिए दिसंबर में पंचगनी एक बार फिर देश के सबसे बड़े बाइकिंग फेस्टिवल का केंद्र बनने जा रहा है। India Bike Week (IBW) का 13वां संस्करण 4 और 5 दिसंबर 2026 को आयोजित होगा। इस बार फेस्टिवल में रेसिंग, स्टंट, कस्टम मोटरसाइकिल और राइडिंग एडवेंचर के साथ कई नए अनुभव देखने को मिलेंगे।
पिछले साल पंचगनी में मिले अच्छे रिस्पॉन्स के बाद आयोजकों ने इस बार आयोजन का दायरा बढ़ाया है। करीब 50 फीसदी बड़े वेन्यू के साथ अब फेस्टिवल का रोमांच शहर की सड़कों, पहाड़ी रास्तों और आसपास के कैंपिंग स्थलों तक पहुंचेगा।
इस बार पूरे पंचगनी में दिखेगा बाइकिंग फेस्टिवल का असर
India Bike Week 2026 की सबसे बड़ी खासियत Town Takeover कॉन्सेप्ट होगा। इसके तहत आयोजन स्थल के बाहर भी बाइकिंग से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पंचगनी और आसपास के इलाकों में ग्रुप राइड्स, राइडिंग ट्रेल्स, कैंपिंग और आफ्टर-पार्टी का आयोजन होगा। दिसंबर का ठंडा मौसम और यहां की घुमावदार पहाड़ी सड़कें बाइकर्स के लिए इस अनुभव को और खास बनाएंगी।
50% बड़ा वेन्यू, पार्किंग और सुविधाओं पर भी जोर
इस साल फेस्टिवल का आयोजन स्थल पिछले संस्करण की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत बड़ा होगा। बढ़े हुए क्षेत्र में पार्किंग की ज्यादा जगह और खुले स्थान उपलब्ध कराए जाएंगे। विजिटर्स के अनुभव को बेहतर बनाने के साथ आयोजन स्थल पर धूल कम रखने के लिए भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसका उद्देश्य बाइकर्स और दर्शकों को ज्यादा सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है।
चार रेसट्रैक और स्टंट एरिना में दिखेगा जबरदस्त एक्शन
रेसिंग और स्टंट के शौकीनों के लिए इस बार कई आकर्षण रखे गए हैं। राइडर्स को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए चार डेडिकेटेड रेसट्रैक मिलेंगे, जहां अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। Stunt Arena में हाई-एनर्जी मोटरसाइकिल स्टंट परफॉर्मेंस होंगी। इसके अलावा एक अंतरराष्ट्रीय एथलीट की विशेष प्रस्तुति भी कार्यक्रम का हिस्सा रहेगी।
50 दिन में तैयार करनी होगी अपनी कस्टम बाइक
कस्टम मोटरसाइकिल बनाने वाले शौकीनों और बाइक डिजाइनर्स के लिए Jameson Ginger Ale X IBW Bike Build-Off Competition खास आकर्षण रहेग। इस प्रतियोगिता में शौकिया बाइक बिल्डर्स को महज 50 दिनों में अपनी कस्टम मोटरसाइकिल तैयार करने का मौका मिलेगा।
इसके साथ ही दो अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी:
- The Misfits Collection: देशभर की अनोखी और खास डिजाइन वाली कस्टम मोटरसाइकिलों का प्रदर्शन।
- Mod Bike Competition: मॉडिफाइड मोटरसाइकिलों को प्रदर्शित करने और अपनी क्रिएटिविटी दिखाने का मंच।
100 से ज्यादा रिटेलर्स के साथ सजेगा IBW Expo
फेस्टिवल में बाइकिंग से जुड़े कारोबार और उत्पादों के लिए भी बड़ा मंच तैयार किया जाएगा। IBW Expo में 100 से अधिक रिटेलर्स हिस्सा लेंगे। यहां बाइकर्स को राइडिंग गियर, मोटरसाइकिल एक्सेसरीज, बाइक से जुड़े उत्पाद और अपग्रेड के विकल्प देखने को मिलेंगे। देश के कई प्रमुख शहरों से संगठित मोटरसाइकिल राइड्स भी पंचगनी पहुंचेंगी। इससे अलग-अलग शहरों के बाइकिंग समूहों की भागीदारी देखने को मिलेगी।
कैंपिंग, SUV कैंपर और म्यूजिक इवेंट भी होंगे खास
दो दिवसीय फेस्टिवल में रुकने और ठहरने की व्यवस्था पर भी ध्यान दिया गया है। आयोजकों की ओर से कैंपसाइट, SUV कैंपर स्पेस और स्थायी टॉयलेट सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। म्यूजिक लाइनअप, स्पीकर्स और नए मोटरसाइकिल लॉन्च को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है। आयोजकों की ओर से इनसे जुड़ी घोषणाएं आने वाले दिनों में की जाएंगी।
कब और कहां होगा India Bike Week 2026?
- आयोजन: India Bike Week का 13वां संस्करण
- तारीख: 4 और 5 दिसंबर 2026
- स्थान: पंचगनी, महाराष्ट्र
- प्रमुख आकर्षण: Town Takeover, चार रेसट्रैक, Stunt Arena, Bike Build-Off और IBW Expo
- एक्सपो में भागीदारी: 100 से ज्यादा रिटेलर्स
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

