
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है। वेनेजुएला के बाद अब उन्होंने मेक्सिको के खिलाफ ड्रग तस्करी को लेकर जमीनी कार्रवाई शुरू करने की बात कही है। एक टीवी इंटरव्यू में ट्रंप ने सीधे शब्दों में कहा कि मेक्सिको पर ड्रग कार्टेल्स का कब्जा हो चुका है और यही वजह है कि अमेरिका में हर साल लाखों लोग ड्रग्स की वजह से जान गंवा रहे हैं।
समुद्री रास्ते पर 97% सफलता, अब जमीन पर फोकस
गुरुवार रात दिए गए इंटरव्यू में डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका ने समुद्री रास्तों से होने वाली ड्रग तस्करी को लगभग खत्म कर दिया है। उन्होंने कहा, “हमने समुद्र के रास्ते आने वाली करीब 97 प्रतिशत ड्रग्स को रोक दिया है। अब हमारा पूरा ध्यान जमीनी रास्तों पर है। अब हम ड्रग कार्टेल्स के खिलाफ जमीन पर कार्रवाई शुरू करने जा रहे हैं।” ट्रंप के मुताबिक ड्रग तस्करी अमेरिका के लिए सबसे बड़ा खतरा बन चुकी है और हर साल करीब तीन लाख अमेरिकी नागरिकों की मौत ड्रग्स की वजह से हो रही है।
‘कार्टेल्स चला रहे हैं मेक्सिको’
अपने बयान में ट्रंप ने मेक्सिको की मौजूदा स्थिति पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि, “यह बहुत दुखद है कि मेक्सिको जैसे देश पर अब ड्रग तस्करों का राज हो गया है। कार्टेल्स ही मेक्सिको को चला रहे हैं।” उनके इस बयान के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
वेनेजुएला पर भी पहले लगा चुके हैं आरोप
यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने किसी पड़ोसी देश पर ड्रग तस्करी को लेकर सख्त रुख अपनाया हो। इससे पहले वेनेजुएला पर भी उन्होंने ड्रग तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया था। उसके बाद अमेरिकी एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क ले जाने का दावा किया था। ट्रंप प्रशासन इसे ड्रग नेटवर्क के खिलाफ अपनी बड़ी कामयाबी मानता है।
मेक्सिको का दावा – 40% कम हुई हत्याएं
हाल ही में मेक्सिको सरकार ने आंकड़े जारी कर बताया था कि देश में हत्याओं की संख्या में करीब 40 प्रतिशत की कमी आई है। यह आंकड़े दिखाकर मेक्सिको ने यह साबित करने की कोशिश की थी कि वह संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कदम उठा रहा है। मगर ट्रंप के ताजा बयान से साफ है कि अमेरिका मेक्सिको की इस रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है।
मेक्सिको का पलटवार – ‘हम स्वतंत्र देश हैं’
पिछले हफ्ते मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबॉम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि मेक्सिको सुरक्षा मामलों में अमेरिका का सहयोग करेगा, लेकिन देश की संप्रभुता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कहा, “ड्रग तस्करी और संगठित अपराध से लड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग जरूरी है, लेकिन अधीनता और हस्तक्षेप हमें स्वीकार नहीं। हम एक स्वतंत्र और संप्रभु देश हैं।” अब ट्रंप के इस बयान के बाद मेक्सिको सरकार की ओर से कड़ा जवाब आने की पूरी संभावना है।
आगे क्या होगी कार्रवाई?
डोनाल्ड ट्रंप के इस ऐलान से यह साफ हो गया है कि अमेरिका अब ड्रग तस्करी को लेकर अपने पड़ोसी देशों पर और ज्यादा दबाव बनाने वाला है। सवाल यह है कि क्या अमेरिका वाकई मेक्सिको में जमीनी कार्रवाई करेगा या यह सिर्फ सियासी बयानबाजी है? फिलहाल पूरी दुनिया की नजर इस बात पर टिकी है कि ट्रंप प्रशासन का अगला कदम क्या होगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

