
केरल। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (Droupadi Murmu) के केरल दौरे के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। सबरीमाला मंदिर दर्शन के लिए जा रही राष्ट्रपति के वायुसेना हेलीकॉप्टर के पहिए प्रमदम राजीव गांधी इंडोर स्टेडियम के हेलीपैड पर उतरते ही कच्चे कंक्रीट में धंस गए। घटना से वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित रहीं।
चार दिन की यात्रा पर हैं राष्ट्रपति मुर्मू
राष्ट्रपति मुर्मू 21 अक्टूबर को चार दिवसीय यात्रा पर तिरुवनंतपुरम पहुंची थीं। 22 अक्टूबर की सुबह जब उनका हेलीकॉप्टर पथानमथिट्टा जिले के प्रमदम में उतरा, तभी यह हादसा हुआ। वायुसेना और स्थानीय पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हेलीकॉप्टर को जिप और अन्य मशीनों से बाहर खींचा। राष्ट्रपति का कार्यक्रम देर से जरूर हुआ, लेकिन वे सबरीमाला भगवान अयप्पा मंदिर में दर्शन और आरती के लिए निर्धारित समय पर पहुंचीं।
ANI ने जारी किया वीडियो – दिखी हेलीपैड की लापरवाही
न्यूज़ एजेंसी ANI द्वारा जारी वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हेलीपैड का कंक्रीट बेहद कमजोर था और हेलीकॉप्टर का वजन पड़ते ही नीचे धंस गया। स्थानीय प्रशासन ने इसे हाल ही में तैयार किया था, लेकिन मजबूती की जांच किए बिना ही राष्ट्रपति के दौरे के लिए इस्तेमाल किया गया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विपक्ष का हमला, सुरक्षा विशेषज्ञों की सख्त टिप्पणी
सुरक्षा विशेषज्ञों ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा – “राष्ट्रपति स्तर के दौरे में हेलीपैड की गुणवत्ता जांच अनिवार्य है। यह चूक जानलेवा साबित हो सकती थी।” कांग्रेस ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इतनी बड़ी सुरक्षा व्यवस्था में ऐसी गलती अस्वीकार्य है। वहीं, भाजपा ने इसे ‘तकनीकी खराबी’ बताते हुए मामले को राजनीतिक रंग देने से इंकार किया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

