
मैड्रिड। दुबई में निवेश की नींव रखने के बाद, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब यूरोप के दिल – स्पेन की राजधानी मैड्रिड में निवेश और सहयोग की संभावनाओं को टटोल रहे हैं। 16 से 19 जुलाई तक के चार दिवसीय इस प्रवास में वे फिल्म, पर्यटन, खेल और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर पर केंद्रित उच्च स्तरीय बैठकों में भाग ले रहे हैं। सोमवार को स्पेन पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।
फिल्म और पर्यटन सेक्टर पर होगा फोकस
सीएम यादव स्पेन फिल्म आयोग के अध्यक्ष से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में इंटरनेशनल लेवल की फिल्म शूटिंग के अवसरों पर चर्चा करेंगे। साथ ही वे विश्व प्रसिद्ध प्राडो म्यूजियम का भ्रमण भी करेंगे, जिससे सांस्कृतिक और पर्यटन समझ को बल मिलेगा।
सीएम बोले – दुबई दौरा रहा बेहद सकारात्मक
मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "दुबई का दौरा मध्यप्रदेश के लिए काफी सकारात्मक रहा। मैं संतुष्ट हूं। आने वाले समय में दुबई में हमारी गतिविधि को और आगे बढ़ाना पड़ेगा।"
“प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंचों पर मजबूत हुआ है और राज्य सरकारें भी उसी फ्रेमवर्क में काम कर रही हैं। मध्यप्रदेश की भूमिका इसमें अहम रहेगी।”
स्पेन के निवेशकों से 'इन्वेस्ट इन MP' फोरम में संवाद
16 जुलाई को स्पेन में “इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश” नामक एक विशेष बिजनेस फोरम का आयोजन किया गया है, जहां मुख्यमंत्री डॉ. यादव मुख्य अतिथि होंगे।
इस अवसर पर पर्यटन, आईटी, अधोसंरचना, औद्योगिक नीति समेत कई सेक्टरों पर प्रजेंटेशन दिए जाएंगे।
बिजनेस फोरम की प्रमुख झलकियां:
➡️ स्वागत भाषण: सचिव इलैया राजा टी.
➡️ संबोधन: स्पेन-इंडिया काउंसिल फाउंडेशन के अध्यक्ष जुआन इग्नासियो एंत्रेकानालेस
➡️ अनुभव साझा: नेचर बायोफूड्स के CEO रोहन ग्रोवर
➡️ मुख्य भाषण: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
➡️ नेटवर्किंग लंच: स्पेन के प्रमुख उद्योगपतियों से सीधा संवाद
स्पोर्ट्स सेक्टर में भी बड़ा प्लान
सीएम यादव स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर डिजाइन फर्म ‘पॉपुलस’ के प्रजेंटेशन में भी शामिल होंगे। जोर्ज बेटनकौर द्वारा प्रस्तुत इस सेशन में मध्यप्रदेश में आधुनिक खेल अधोसंरचना को लेकर योजना बनाई जाएगी।
भारतीय राजदूत और व्यापार समुदाय से मुलाकात
प्रवास के पहले दिन ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव भारत के राजदूत दिनेश के. पटनायक से मुलाकात करेंगे।
साथ ही स्पेन में बसे भारतीय व्यापार समुदाय के साथ विशेष नेटवर्किंग डिनर का आयोजन भी किया गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

