शनिवार, 07 मार्च 2026
Logo
International
गाजा के बाद इजराइल का लेबनान पर हमला, 3 बच्चों समेत 5 की मौत—राष्ट्रपति ने बोला ‘नरसंहार’, UN में बढ़ा तनाव
22 सित, 2025 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
गाजा के बाद इजराइल का लेबनान पर हमला, 3 बच्चों समेत 5 की मौत—राष्ट्रपति ने बोला ‘नरसंहार’, UN में बढ़ा तनाव

गाजा के बाद इजराइल का लेबनान पर हमला, 3 बच्चों समेत 5 की मौत—राष्ट्रपति ने बोला ‘नरसंहार’, UN में बढ़ा तनाव

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

मध्य पूर्व में तनाव खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। गाजा पर लगातार हमलों के बाद इजराइल ने अब लेबनान को निशाना बनाया है। लेबनान के बिंट जेबेल इलाके में इजराइली ड्रोन अटैक में 3 बच्चों समेत 5 नागरिकों की मौत हो गई। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा, “ड्रोन हमले में मारे गए पांचों लोग आम नागरिक थे, जिनमें तीन मासूम बच्चे शामिल हैं।”


लेबनान का इजराइल पर सीजफायर तोड़ने का आरोप

लेबनान की सरकारी मीडिया एजेंसी ने इसे सीजफायर का खुला उल्लंघन बताया है। सरकारी रिपोर्ट्स के मुताबिक इजराइल ने मोटरसाइकिल को टारगेट कर हमला किया। लेबनानी सरकार ने इस कार्रवाई को ‘नरसंहार’ कहा है।


राष्ट्रपति जोसेफ औन का सख्त संदेश

संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने न्यूयॉर्क पहुंचे लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन ने इजराइल की कार्रवाई को “नरसंहार” करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा,

 “हम शांति और मानवाधिकारों पर चर्चा करने के लिए यहां हैं, जबकि इजराइल अंतरराष्ट्रीय प्रस्तावों का लगातार उल्लंघन कर रहा है। बिंट जेबेल में हुआ नरसंहार इसका ताजा उदाहरण है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय इजराइल पर युद्धविराम का सम्मान करने का दबाव बनाए।”


प्रधानमंत्री नवाफ सलाम का तीखा बयान

लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने भी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा, “इजराइल जानबूझकर हमारे नागरिकों पर कहर बरपा रहा है। युद्धविराम समझौते के गारंटर देशों को चाहिए कि वे इजराइल पर अपनी आक्रामकता तुरंत रोकने, कब्ज़े वाले लेबनानी क्षेत्रों से हटने और बंदियों को रिहा करने के लिए कड़ा दबाव डालें।”


इजराइल बढ़ा रहा हमलों की रफ्तार

इजराइल ने इस हफ्ते लेबनान में हमले तेज किए हैं। गुरुवार को इजराइली सेना ने दावा किया कि उसने दक्षिणी लेबनान में हिज़्बुल्लाह के हथियार डिपो पर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की।


इधर, अमेरिकी दबाव और इजराइल की आक्रामकता को देखते हुए लेबनान सरकार ने भी कड़ा कदम उठाया है। सरकार ने साफ किया है कि सेना तीन महीने के भीतर सीमावर्ती इलाकों से ईरान समर्थित हिज़्बुल्लाह को खत्म करने की कोशिश करेगी।


अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नज़र

संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान यह हमला मध्य पूर्व में शांति बहाल करने की उम्मीदों को झटका दे रहा है। लेबनान ने वैश्विक नेताओं से अपील की है कि वे तत्काल इजराइल पर युद्धविराम का दबाव बनाएं। स्थिति जितनी तेजी से बिगड़ रही है, उतनी ही तेज़ी से दुनिया की चिंता भी बढ़ रही है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें