
नई दिल्ली/रियो डि जेनेरो। 2025 के 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी इस बार ब्राज़ील कर रहा है, और आयोजन स्थल है दुनिया का चर्चित शहर रियो डि जेनेरो। 6 और 7 जुलाई को होने वाले इस सम्मेलन में भारत की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाग लेंगे। खास बात यह है कि ब्राज़ील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा ने पीएम मोदी के लिए एक विशेष स्टेट डिनर का आयोजन किया है।
लेकिन इसी सम्मान को लेकर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग नाराज़ हो गए हैं। उन्होंने ब्राज़ील न जाकर अपने प्रधानमंत्री ली कियांग को भेजने का फैसला किया है। वहीं रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस बार सम्मेलन में शारीरिक रूप से शामिल नहीं होंगे। उनकी जगह रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव प्रतिनिधित्व करेंगे।
PM मोदी के लिए ब्राज़ील का स्पेशल स्टेट डिनर
ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में एक भव्य स्टेट डिनर की योजना बनाई गई है। ब्राज़ील सरकार इस स्टेट डिनर के माध्यम से भारत-ब्राज़ील रिश्तों की गर्मजोशी को दुनिया के सामने दिखाना चाहती है। पीएम मोदी को इस डिनर के लिए औपचारिक आमंत्रण भेजा जा चुका है।
नाराज़ हुए जिनपिंग, नहीं जाएंगे ब्राज़ील
सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी के लिए होने वाले विशेष स्टेट डिनर से चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग बेहद नाराज़ हैं। उन्होंने इस सम्मेलन में व्यक्तिगत रूप से शामिल न होकर प्रधानमंत्री ली कियांग को भेजने का फैसला लिया है।
यह कूटनीतिक तनाव संकेत देता है कि चीन, भारत को ब्रिक्स के अंदर बढ़ते कूटनीतिक प्रभाव से असहज हो सकता है।
ICC के वॉरंट से पुतिन भी करेंगे सम्मेलन से दूरी
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। इसकी मुख्य वजह है अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) द्वारा जारी किया गया गिरफ्तारी वारंट जो उन्हें यात्रा से रोकता है।
हालांकि, रूस का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव करेंगे और पुतिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुड़ेंगे।
कौन-कौन होगा शामिल?
भारत : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
ब्राज़ील : राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा
चीन : प्रधानमंत्री ली कियांग
रूस : विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव
दक्षिण अफ्रीका : राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा (संभावित)
इसके अलावा, नए संभावित ब्रिक्स सदस्य देशों के प्रतिनिधि भी इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले सकते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

