
न्यूयार्क। मौत एक शाश्वत सत्य है, लेकिन मरना कोई नहीं चाहता। अमेजन के जेफ बेजोस, गूगल के लैरी पेज और फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग भी इससे अछूते नहीं हैं। दुनिया के सबसे अमीरों में शुमार इन जैसे 14 बिलेनियर्स ने हमेशा जीवित रहने के लिए अलग-अलग एक्सपेरिमेंट्स पर अरबों रुपए लगाए हैं। ऐसा ही एक प्रयोग कर रहे अमेरिकी उद्योगपति ब्रायन जॉनसन को शुरुआती सक्सेस मिली है। 45 साल के ब्रायन ने दावा किया है कि उन्होंने महज 7 महीने में अपनी उम्र घटा ली है। इस रिवर्स एजिंग के बाद अब उनका दिल 37 साल, स्किन 28 साल और फेफड़े 18 साल के शख्स जैसे हो गए हैं। पीएण्डएस इंटेलिजेंस की रिपोर्ट के मुताबिक इस वक्त रिवर्स एजिंग का मार्केट 191 बिलियन डॉलर यानी करीब 15 लाख करोड़ रुपए का है। यह 2030 तक बढ़कर 421 बिलियन डॉलर यानी करीब 35 लाख करोड़ का हो जाएगा।
वैज्ञानिक कर रहे मृत्यु को टालने की कोशिश
मशहूर लेखक युवल नोवा हरारी ने अपनी किताब होमो डेयस में लिखा है कि वैज्ञानिकों के लिए मौत शरीर के सिस्टम में आने वाली एक तकनीकी खामी है। इसकी वजह से शरीर का पूरा सिस्टम काम करना बंद कर देता है। वैज्ञानिक इस तकनीकी खामी को लैब में सही करने की कोशिश में जुटे हैं, जिससे मृत्यु को टाला जा सके।
30 डॉक्टर की टीम रखती है ब्रायन जॉनसन पर नजर
ब्लूमबर्ग के अनुसार इस प्रोजेक्ट पर जॉनसन के साथ 30 डॉक्टर और मेडिकल एक्सपर्ट्स की टीम काम कर रही है। यह टीम जॉनसन के शरीर के अंगों की उम्र को घटाने में मदद कर रहे हैं। जॉनसन एक सख्त रूटीन को फॉलो करते हैं। रूटीन इतना सख्त है कि जॉनसन चाहकर भी मांसाहारी खाना नहीं खा सकते हैं। हर रोज जॉनसन 1977 कैलोरी खाने के तौर पर लेते हैं, साथ ही वे करीब एक घंटा वर्कआउट करते हैं। जॉनसन की सुबह 5 बजे ही. शुरू हो जाती है। सुबह में जॉनसन करीब दो दर्जन अलग-अलग सप्लीमेंट्स लेते हैं, साथ ही क्रेटीन के साथ ग्रीन जूस का भी सेवन करते हैं। जॉनसन का वजन, बॉडी फैट, ब्लड ग्लूकोज लेवल और हार्ट रेट भी हर रोज चेक किया जाता है, साथ ही जॉनसन का ब्लड टेस्ट, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई भी रोज की जाती है। रात के समय पर उनका इरेक्शन भी एक मशीन द्वारा ट्रैक किया जाता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

