
मैड्रिड। दुबई से मिली उड़ान ने अब स्पेन में रफ्तार पकड़ ली है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब स्पेन की राजधानी मैड्रिड पहुंच चुके हैं, जहां वे 16 से 19 जुलाई तक निवेश, खेल, पर्यटन और फिल्म निर्माण जैसे अहम क्षेत्रों पर अंतरराष्ट्रीय बैठकों की अगुवाई करेंगे।
डॉ. यादव ने मीडिया से बातचीत में भरोसा जताया कि स्पेन में भी मध्यप्रदेश को वैसी ही सफलता मिलेगी जैसी दुबई में मिली थी।
“इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश” में गूंजे विकास के स्वर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मैड्रिड में आयोजित “इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश” बिजनेस फोरम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। फोरम की शुरुआत सचिव इलैयाराजा टी. के स्वागत भाषण से हुई, जबकि स्पेन-इंडिया काउंसिल फाउंडेशन के अध्यक्ष जुआन इग्नासियो एंत्रेकानालेस और नेचर बायोफूड्स के सीईओ रोहन ग्रोवर ने भी अपने विचार साझा किए।
सीएम यादव ने फोरम को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश की “सरल, निवेशक अनुकूल और तेज़ कार्यान्वयन वाली नीतियों” पर ज़ोर दिया।
ला लिगा से सीएम की मुलाकात, भेंट में मिली फुटबॉल
स्पेन प्रवास के पहले दिन ही एक दिलचस्प मुलाकात हुई, जब ला लिगा (La Liga) के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें स्मृति चिन्ह के रूप में फुटबॉल भेंट की।
यह संकेत है कि मध्यप्रदेश खेलों और खेल अधोसंरचना के क्षेत्र में वैश्विक साझेदारी की दिशा में भी तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
खेल और अधोसंरचना पर भी फोकस
मुख्यमंत्री ‘पॉपुलस’ फर्म के प्रजेंटेशन में शामिल होंगे, जो विश्व प्रसिद्ध स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर डिजाइन और कंसल्टिंग संस्था है। चर्चा का केंद्र रहेगा—मध्यप्रदेश में अत्याधुनिक स्टेडियम और खेल अधोसंरचना का निर्माण।
फिल्म शूटिंग के लिए नया इंटरनेशनल गेटवे बनेगा MP?
स्पेन फिल्म आयोग के अध्यक्ष से मुख्यमंत्री की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसमें मध्यप्रदेश में इंटरनेशनल फिल्म शूटिंग और प्रोडक्शन के अवसरों पर चर्चा की जाएगी। ये बैठक प्रदेश को ‘सिनेमा डेस्टिनेशन’ बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
नेटवर्किंग लंच और भारतीय समुदाय से संवाद
सीएम यादव स्पेन में रहने वाले प्रमुख उद्योगपतियों, संगठनों और भारतीय व्यापार समुदाय के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। वे विशेष रात्रि भोज में भी शामिल होंगे, जहां निवेश और सांस्कृतिक आदान-प्रदान पर अनौपचारिक चर्चा की उम्मीद है।
डॉ. मोहन यादव का यह दौरा क्यों है अहम?
दुबई में सफल रोड शो और समझौतों के बाद अब स्पेन में वैश्विक निवेश को टारगेट
मध्यप्रदेश में फिल्म, पर्यटन, IT और खेल को नए स्तर पर ले जाने की रणनीति
अंतरराष्ट्रीय मंच पर मध्यप्रदेश को निवेश गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्पेन दौरा केवल एक विदेशी प्रवास नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश को वैश्विक नक्शे पर ‘न्यू एज इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन’ बनाने की दिशा में एक ठोस कूटनीतिक, औद्योगिक और सांस्कृतिक प्रयास है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

