
पड़ोसी देश बांग्लादेश में भड़की हिंसा के बीच प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। प्रदर्शनकारी राजधानी ढाका स्थित उनके सरकारी आवास में घुस चुके हैं। दोपहर करीब 2.30 बजे सेना का हेलीकॉप्टर शेख हसीना और उनकी बहन शेख रेहाना को लेकर किसी सुरक्षित स्थान के लिए उड़ा है। अब बांग्लादेश में सेना ने कमान संभाल ली है। आर्मी चीफ ने कहा है कि हम शांति बहाली के लिए प्रयास कर रहे हैं। जल्द ही देश में नई अंतरिम सरकार का गठन होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख हसीना के चॉपर ने भारत की ओर उड़ान भरी है।
बांग्लादेश के आर्मी चीफ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- हमने सभी पक्षों से चर्चा की है। देश में शांति व्यवस्था बहाल करने की कोशिश जारी है। सभी दलों को बातचीत के लिए बुलाया है। अगले 24 से 48 घंटे में बांग्लादेश में एक अंतरिम सरकार का गठन किया जाएगा। हम आंदोलनकारी छात्रों की सभी मांगें मानने के लिए तैयार हैं।
पड़ोसी देश में रविवार शाम को एक बार फिर हिंसा भड़क उठी थी, प्रदर्शनकारियों ने ढाका समेत कई शहरों में हिंसक प्रदर्शन किए। हजारों बांग्लादेशी प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफे की मांग करते हुए सुरक्षाबलों से भिड़ गए थे। इस दौरान 100 से ज्यादा प्रदर्शनकारी की मौत हुई थी। इसके साथ ही जुलाई से शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद मौत का आंकड़ा करीब 300 तक पहुंच गया है।
अपने नागरिकों को भारत ने किया अलर्ट
भारत ने अपने सभी नागरिकों को "अत्यधिक सतर्कता" बरतने और अपनी गतिविधियों को सीमित रखने की सलाह दी है। सहायक उच्चायोग ने X पर एक पोस्ट में कहा- सभी भारतीय नागरिकों सहित छात्र, जो भारत के सहायक उच्चायोग, सिलहट के अधिकार क्षेत्र में रहते हैं, इस कार्यालय से संपर्क में रहें। आपात स्थितियों में कृपया +88-01313076402 पर संपर्क करें।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

