शनिवार, 07 मार्च 2026
Logo
International
कनाडा के हाईस्कूल में ताबड़तोड़ फायरिंग, 9 की मौत; महिला हमलावर ने खुद को मारी गोली
11 फ़र, 2026 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
कनाडा के हाईस्कूल में ताबड़तोड़ फायरिंग, 9 की मौत; महिला हमलावर ने खुद को मारी गोली

कनाडा के हाईस्कूल में ताबड़तोड़ फायरिंग, 9 की मौत; महिला हमलावर ने खुद को मारी गोली

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के टम्बलर रिज शहर में मंगलवार को एक हाईस्कूल में हुई गोलीबारी ने पूरे देश को हिला दिया। घटना में 9 लोगों की मौत हो गई जबकि करीब 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्कूल को तुरंत बंद कर दिया गया और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।


महिला संदिग्ध ने खुद को मारी गोली

रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) के मुताबिक हमलावर एक महिला थी, जिसने स्कूल ड्रेस पहन रखी थी। उसका शव स्कूल परिसर के अंदर मिला और शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को दोपहर करीब 1:20 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई शुरू हुई।


प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने जताया दुख

घटना के बाद कनाडा के प्रधानमंत्री Mark Carney ने सोशल मीडिया पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने राहत और बचाव में लगे कर्मचारियों की सराहना करते हुए अपना जर्मनी दौरा भी रद्द कर दिया।


छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित निकाला गया

पुलिस अधिकारी केन फ्लॉयड के अनुसार स्कूल से करीब 100 छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल भेजा गया, जबकि कई लोगों का स्थानीय मेडिकल सेंटर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी अन्य संदिग्ध के फरार होने की आशंका नहीं है।


इलाके में इमरजेंसी अलर्ट खत्म, स्कूल रहेंगे बंद

ब्रिटिश कोलंबिया की पब्लिक सेफ्टी मंत्री नीना क्रिगर ने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि सरकार हर संभव मदद देगी। RCMP ने टम्बलर रिज में जारी इमरजेंसी अलर्ट खत्म कर दिया है और स्थिति अब नियंत्रण में बताई जा रही है। स्कूल डिस्ट्रिक्ट ने घोषणा की है कि एलीमेंट्री और सेकेंडरी स्कूल पूरे सप्ताह बंद रहेंगे।


घटना की वजह अभी भी रहस्य

गोलीबारी के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। जांच एजेंसियां स्कूल परिसर और आसपास के इलाकों से सबूत जुटा रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने की अपील की है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें