
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुुंचे। यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नहयान ने गले लगाकर गर्मजोशी के साथ पीएम मोदी का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने अबु धाबी में यूपीआई सर्विस की शुरुआत की। द्विपक्षीय वर्ता के बाद भारत और यूएई के बीच कुछ अहम समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। यूएई रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री ने X पोस्ट में राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद को अपना भाई बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात करीब 9 बजे 'अहलान मोदी' इवेंट में शामिल हुए। मोदी ने कहा कि दुनिया में कहीं भी संकट हो भारत की याद आती है। हर बड़े मंच पर हमारी आवाज सुनी जा रही है।
पीएम मोदी का भाषण
जायद स्पोर्ट्स स्टेडियम में मौजूद 65 हजार भारतीयों से पीएम मोदी ने कहा- ''इस ऐतिहासिक स्टेडियम में भारतीय समुदाय ने नया इतिहास रच दिया है। हर सांस कह रही है भारत-यूएई की दोस्ती जिंदाबाद। इस पल को जी लेना, जी भरकर जी लेना। आज वो यादें बटोर लेनी हैं, जो जीवनभर आपके साथ रहेंगी। मेरे साथ भी रहेंगी। आज मैं अपने परिवार से मिलने आया हूं। जिस मिट्टी में आपने जन्म लिया। उस मिट्टी की खुशबू आपके लिए लेकर आया हूं। मैं आपके लिए 120 करोड़ भारतीयों का संदेश लेकर आया हूं। भारत को आप पर गर्व हैं, आप देश का गौरव हैं।''
''मैं राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद का आभार व्यक्त करता हूं। ब्रदर शेख जायद आपके सहयोग के बिना यह संभव वहीं था। आप हमेशा से भारतीय समुदाय के अच्छे मित्र हैं। मैं जब 2015 में पहली बार यहां आया तो कूटनीति की दुनिया मेरे लिए नई थी। तब यूएई के राष्ट्रपति अपने 5 भाइयों के साथ मुझे रिसीव करने एयरपोर्ट आए थे। वो सत्कार कर रहे थे, लेकिन यह मेरा सत्कार नहीं था, बल्कि यह 120 करोड़ भारतीयों का था। ब्रदर जायद आज मुझे लेने एयरपोर्ट आए। आपकी यही खूबी मुझे पसंद है। आप कुछ दिन पहले गुजरात आए थे। तब लाखों लोगों ने गुजरात की सड़कों पर खड़े होकर उनका स्वागत किया था। यूएई में वो आपका कितना ख्याल रख रहे हैं। यूएई ने मुझे अपने सर्वोच्च सम्मान दिया है, यह आप सभी का सम्मान है। मैं जब भी मेरे ब्रदर शेख जायद से मिलता हूं तो वो हमेशा आपकी तारीफ करते हैं। इस तारीफ में भी भारतीयों के पसीने की खुशबू आती है। अमीरात के लोगों ने हम भारतीयों को अपने सुख दुख का साथी बनाया है।''
''कोविड के दौरान शेख मोहम्मद बिन जायद ने मुझे भारतीयों को यहां से नहीं निकालने की बात कही थी। अबु धाबी में भव्य दिव्य मंदिर के निर्माण के लिए उन्होंने मुझसे कहा था कि जहां से लकीर खींच दो, वो जमीन आपको दे दूंगा। मैं स्पेस के क्षेत्र में अहम भूमिका निभाने वाले अंतरिक्ष यात्री को बधाई देता हूं। 21वीं सदी में भारत और यूएई का रिश्ता अभूतपूर्व स्तर पर पहुंच रहा है। हमने अपने रिश्तों को नई दिशा दी है। दोनों देश साथ मिलकर चले हैं। आज यूएई भारत का तीसरा बड़ा ट्रेड पार्टनर है। सतवां बड़ा इन्वेस्टर है। दोनों देश ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सपोर्ट कर रहे हैं। हम टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में साझेदारी कर रहे हैं।''
''डिजिटल इनोवेशन का फायदा आपको भी मिले, इसके लिए हम यूएई के साथ प्रयास कर रहे हैं। हमारे रूपे कार्ड का लाभ यूएई को भी मिला है। यहां की सरकार ने जो कार्ड तैयार किया, उसे जीवंत नाम दिया। अब यूएई में यूपीआई सर्विस शुरू होगी। आप आसानी से भारत में अपने परिवार को पैसे भेज पाओगे। दुनिया को लगा है कि भारत आज ग्लोबल संबंध स्थापित करने में सक्रिय भूमिका निभा सकता है। आपने देखा कि भारत ने एक बहुत सफल जी20 सम्मेलन आयोजित किया है। इसमें हमने यूएई को अहम साझेदार के रूप में बुलाया। आज दुनिया के मंच पर भारत की आवाज सुनाई देती है। कहीं भी संकट होता है तो भारत की याद आती है। बीते 10 सालों में आपने देखा कि जहां भी भारतीयों पर समस्या आई हमने हजारों भारतीयों को सुरक्षित निकाला। यूक्रेन, यमन जैसे देशों में फंसे लोगों को बचाया। भारत और यूएई मिलकर 21वीं सदी का नया इतिहास लिख रहे हैं। भारत यहां जो मेहनत कर रहे हैं। इससे भारत को भी ऊर्जा मिल रही है। भारत माता की जय...
पीएम मोदी को दिया गया गार्ड ऑफ ऑनर
बता दें कि पीएम मोदी का यूएई के राष्ट्रपति के साथ अच्छा तालमेल रहा है। अपने दुबई दौरे के दौरान पीएम मोदी दोनों देशों के मैत्री संबंधों को मजबूत करने के बारे में बातचीत करेंगे। यूएई के राष्ट्रपति खुद पीएम मोदी की अगवानी करने पहुंचे। इसके बाद प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। पीएम माेदी यूएई के साथ विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी मजबूत करने के मुद्दे पर बातचीत करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

