
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिन की फ्रांस यात्रा के बाद अब आबूधाबी में हैं। लेकिन पीएम मोदी के फ्रांस दौरे को डिप्लोमेटिक और रणनीतिक तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी की ये यात्रा ऐसे समय में हुई जब भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की 25 वीं वर्षगांठ मना रहा है। वहीं, पीएम मोदी ने बैस्टिल डे परेड में हिस्सा लिया। बैस्टिल डे के समारोह के लिए पीएम मोदी को निमंत्रण मिलना भारत-फ्रांस संबंधों की गहराई का संकेत है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस के सर्वोच्च सम्मान 'ग्रैंड क्रॉस ऑफ लीजन ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया गया। पीएम मोदी सम्मान पाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। इससे पहले ये सम्मान दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला, वेल्स के तत्कालीन राजकुमार किंग चार्ल्स, जर्मनी की पूर्व चांसलर एंजेला मर्केल, संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बुट्रोस बुट्रोस घाली को दिया जा चुका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेरिस यात्रा रक्षा और अंतरिक्ष, बुनियादी ढांचे और संस्कृति समेत विभिन्न क्षेत्रों में भारत-फ्रांस संबंधों को मजबूत करने पर केंद्रित रही। यात्रा भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ के साथ मेल खाती है और बैस्टिल डे के लिए पीएम मोदी का शामिल होना द्विपक्षीय संबंधों में एक नई ऊंचाई का संकेत देती है।
पेरिस में पीएम मोदी ने सीनेट का दौरा किया, जहां उन्होंने सीनेट के अध्यक्ष जेराड लार्चर के साथ व्यापक चर्चा की। बैठक के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट किया, सीनेट के अध्यक्ष जेरार्ड लार्चर से मिलकर खुशी हुई। विभिन्न क्षेत्रों में भारत-फ्रांस सहयोग को गहरा करने के तरीकों पर सार्थक आदान-प्रदान हुआ। उन्होंने फ्रांस की प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बोर्न के साथ अलग से प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक भी की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट कर, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पेरिस में प्रधानमंत्री एलिजाबेथ बॉर्न के साथ सार्थक बातचीत की। नेताओं ने भारत-फ्रांस साझेदारी के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और साथ ही दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा हुई।
पेरिस में ला सीन म्यूजिकल में पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों के एक कार्यक्रम को संबोधित किया उन्होने कहा की "एक नई विश्व व्यवस्था उभर रही है... एक ऐसी व्यवस्था जहां भारत किसी भी अवसर को जाने नहीं देगा।" देर रात उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के आवास पर आयोजित एक निजी डिनर में हिस्सा लिया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

