
काठमांडू। नेपाल में हालात बेकाबू हो चुके हैं। छात्रों और युवाओं के गुस्से ने सड़कों को रणभूमि में बदल दिया है। राजधानी काठमांडू समेत कई जिलों में दूसरे दिन भी भारी विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच बड़ा खुलासा हुआ है कि नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली दुबई भाग सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, ओली को नेपाल से ले जाने के लिए हिमालय एयरलाइंस को स्टैंडबाय पर रखा गया है।
छात्रों का गुस्सा फूटा, राष्ट्रपति आवास में आग
प्रदर्शनकारियों ने नेपाल के राष्ट्रपति के निजी आवास को आग के हवाले कर दिया। हालात इतने बिगड़े कि सरकार को त्रिभुवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट (TIA) के कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश देना पड़ा।
एक टीआईए अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया, “एक अनौपचारिक निर्देश जारी किया गया है। यह संभावना है कि नेता, काठमांडू को असुरक्षित मानते हुए यात्रा करने का प्रयास कर सकते हैं, जिससे वीआईपी यातायात बढ़ सकता है। इसलिए कर्मचारियों को हाई अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है।”
10 मंत्रियों ने दिया इस्तीफा
बढ़ते राजनीतिक संकट के बीच नेपाल सरकार को बड़ा झटका लगा है। गृहमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और कृषि मंत्री समेत 10 मंत्रियों ने इस्तीफा दे दिया है। लेकिन प्रदर्शनकारियों की मांग साफ है—“ओली इस्तीफा दो!”
खूनी प्रदर्शन, 19 की मौत और 300 घायल
सोमवार को हुए प्रदर्शनों में पुलिस की फायरिंग से हालात और बिगड़ गए। अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। 300 से ज्यादा लोग घायल हैं। पुलिस की कार्रवाई ने युवाओं के गुस्से को और भड़का दिया है।
कांग्रेस अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा का आवास भी फूंका
आंदोलन सिर्फ सोशल मीडिया बैन के खिलाफ नहीं रहा, बल्कि अब यह भ्रष्टाचार, बदइंतजामी और लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन के खिलाफ एक जनआंदोलन बन चुका है।
ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने नेपाली कांग्रेस अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा के आवास पर कब्जा कर लिया। उनकी संपत्ति और आधा दर्जन वाहनों में आग लगा दी। पूर्व उप-प्रधानमंत्री रघुवीर महासेठ के जनकपुर स्थित आवास पर भी पथराव हुआ।
पीएम ओली दुबई जाने भागने की तैयारी में
सूत्रों का दावा है कि ओली इलाज के बहाने दुबई जा सकते हैं। इससे पहले उन्होंने अपनी कार्यकारी जिम्मेदारियां उप-प्रधानमंत्री को सौंप दी हैं। माना जा रहा है कि जैसे-जैसे आंदोलन हिंसक हो रहा है, कई नेता देश छोड़कर भागने की फिराक में हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

