
भोपाल। मध्यप्रदेश का नाम अब वैश्विक फिल्म इंडस्ट्री के नक्शे पर चमकने को तैयार है। बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और स्पेनिश फिल्म कमीशन के अध्यक्ष जुआन मैनुअल गुइमेरांस के बीच हुई मुलाकात ने राज्य के पर्यटन और फिल्म उद्योग को लेकर एक नई उम्मीद जगा दी है। इस अहम मीटिंग के बाद गुइमेरांस ने न सिर्फ मुख्यमंत्री की तारीफ की बल्कि मध्यप्रदेश को "संतुलित और संभावनाओं से भरपूर पर्यटन गंतव्य" भी करार दिया।
“CM बेहद रोचक व्यक्ति हैं, MP में है स्पेनिश दर्शकों के लिए असीम संभावनाएं” : गुइमेरांस
मुलाकात के बाद गुइमेरांस ने साफ कहा, “यह एक शानदार बैठक थी। मुख्यमंत्री स्वयं एक बेहद रोचक व्यक्ति हैं और साथ ही वह एक ऐसे राज्य का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जो अभी स्पेनिश लोगों के लिए ज्यादा जाना-पहचाना नहीं है। मेरे लिए यह जानना बहुत रोचक रहा कि मध्यप्रदेश पर्यटन और फिल्म उद्योग के क्षेत्र में क्या-क्या प्रस्तुत करता है। यह एक लाभकारी मुलाकात रही।”
उन्होंने यह भी जोड़ा कि स्पेनिश फिल्म कमीशन का मकसद फिल्म को एक उद्योग और पर्यटन को बढ़ावा देने वाले साधन के रूप में आगे लाना है।
“हम मुख्य रूप से दो क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं – पहला, मध्यप्रदेश और स्पेन के बीच फिल्मी रिश्तों को मजबूत करना और दूसरा, फिल्मों की शूटिंग के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देना।”
फिल्मों के ज़रिए बढ़ेगा पर्यटन, एमपी-स्पेन का साझा विज़न
इस मुलाकात में दोनों पक्षों ने फिल्मों को पर्यटन और रोजगार का मजबूत माध्यम बनाने पर सहमति जताई। गुइमेरांस ने कहा, “इस एमओयू का मूल उद्देश्य ही यही है – फिल्म और टूरिज्म को एक साथ बढ़ाना। मध्यप्रदेश में प्राकृतिक सुंदरता है, सांस्कृतिक विरासत है और शूटिंग के लिए आवश्यक लोकेशन्स भी हैं। यह राज्य फिल्ममेकर्स के लिए एक परफेक्ट डेस्टिनेशन बन सकता है।”
क्यों खास है MP फिल्म और टूरिज्म के लिए?
प्राकृतिक विविधता: जंगल, झरने, पहाड़, किलें
सांस्कृतिक विरासत: खजुराहो, सांची, उज्जैन, भीमबेटका
इंफ्रास्ट्रक्चर: फिल्म सिटी प्रोजेक्ट्स, लोकल क्रू सपोर्ट
क्या है आगे की राह?
स्पेन और मध्यप्रदेश के बीच फिल्म निर्माण, लोकेशन स्काउटिंग, और साझा फिल्म समारोह जैसे विभिन्न बिंदुओं पर सहयोग की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। साथ ही विदेशी क्रू के लिए एमपी में शूटिंग को सुविधाजनक बनाने पर भी फोकस रहेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

