
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले बहुप्रतीक्षित टी-20 मुकाबले पर छाया संशय अब धीरे-धीरे कम होता नजर आ रहा है। मैच से पहले पैदा हुए विवाद को सुलझाने के लिए लाहौर में बड़ी बैठक हुई, जिसमें क्रिकेट जगत के अहम अधिकारी शामिल हुए। इस मुलाकात के बाद संकेत मिले हैं कि बातचीत से रास्ता निकल सकता है और दर्शकों को हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है।
लाहौर में हुई अहम बैठक
रविवार को पाकिस्तान के लाहौर स्थित गद्दाफी स्टेडियम में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन अमीनुल इस्लाम और आईसीसी के वाइस प्रेसिडेंट इमरान ख्वाजा की बैठक हुई। इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब 15 फरवरी को होने वाले भारत-पाक मुकाबले को लेकर बने गतिरोध को दूर करने की कोशिशें तेज हो गई हैं।
क्यों पैदा हुआ था विवाद
दरअसल, 15 फरवरी को श्रीलंका के कोलंबो में भारत और पाकिस्तान के बीच टी-20 विश्व कप का मुकाबला होना है। इससे पहले पाकिस्तान ने इस मैच के बहिष्कार की चेतावनी दी थी। पाकिस्तान का कहना था कि वह बांग्लादेश के समर्थन में यह कदम उठा रहा है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया था, जिससे पूरे टूर्नामेंट पर असर पड़ा।
ICC ने स्कॉटलैंड को किया शामिल
बांग्लादेश के पीछे हटने के बाद आईसीसी ने टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया। इस बीच आईसीसी के उपाध्यक्ष और सिंगापुर के प्रतिनिधि इमरान ख्वाजा सक्रिय भूमिका में सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि ख्वाजा विशेष तौर पर लाहौर पहुंचे, ताकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से सीधे बातचीत कर विवाद का समाधान निकाला जा सके।
पाकिस्तान से मांगा गया स्पष्टीकरण
सूत्रों के अनुसार, आईसीसी ने पाकिस्तान से पूछा है कि वह इस मैच से हटने के लिए फोर्स मेज्योर क्लॉज का इस्तेमाल कैसे कर सकता है। इस सवाल के बाद पाकिस्तान का रुख कुछ नरम पड़ा है। उधर, श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भी पीसीबी को ईमेल भेजकर बहिष्कार खत्म करने की अपील की है। बोर्ड का कहना है कि भारत-पाक मैच नहीं होने पर ब्रॉडकास्टर्स और अन्य हितधारकों को भारी आर्थिक नुकसान होगा।
बातचीत से समाधान की उम्मीद
अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से औपचारिक बातचीत शुरू करने का संकेत दिया है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही विवाद सुलझ सकता है और 15 फरवरी का मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार हो सकेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

