
नई दिल्ली। दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं में शुमार अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने फिर से एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि अगर उन्होंने बीच में दखल नहीं दिया होता, तो भारत और पाकिस्तान के बीच परमाणु युद्ध छिड़ सकता था। ट्रंप ने बताया कि उन्होंने ट्रेड और टैरिफ की धमकी देकर दोनों देशों को शांत कराया।
“मैंने कहा- अगर युद्ध नहीं रुका, तो 200% टैरिफ लगा दूंगा”
एक कार्यक्रम में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, “भारत और पाकिस्तान के बीच बुरी चीजें हो रही थीं। मैंने दोनों से बात की और कहा कि अगर तुम ये युद्ध नहीं रोकोगे, तो अमेरिका तुम्हारे देश पर बेचे जाने वाले किसी भी उत्पाद पर 200 प्रतिशत टैरिफ लगा देगा।” ट्रंप के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने यह कहा, दोनों देशों ने तुरंत चिंता जताई और कहा कि, “नहीं-नहीं सर, आप ऐसा मत कीजिए।” इस पर ट्रंप ने जवाब दिया — “मैं ऐसा क्यों नहीं कर सकता? इसे बहुत आसानी से मैं कर सकता हूं।”
“ट्रेड और टैरिफ से रुका युद्ध”
ट्रंप ने कहा कि ट्रेड और टैरिफ (व्यापारिक शुल्क) ने न सिर्फ अमेरिका को समृद्ध बनाया, बल्कि दुनिया में कई संघर्षों को भी रोका। “हम व्यापार में बहुत अच्छा कर रहे हैं। हम सैकड़ों अरब डॉलर का टैरिफ प्राप्त कर रहे हैं। ये टैरिफ अमेरिका को शक्तिशाली बना रहे हैं। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि उनके इस कदम से भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ा तनाव ठंडा पड़ा, और “एक संभावित परमाणु युद्ध” को टाल दिया गया।
“भारत-पाकिस्तान में सात विमान मार गिराए गए”
ट्रंप ने कार्यक्रम में यह भी कहा,“भारत और पाकिस्तान के बीच काफी जोरदार मुकाबला हुआ था, जिसमें सात विमान मार गिराए गए।” उन्होंने कहा कि जब यह स्थिति बिगड़ रही थी, तब उन्होंने दोनों देशों से कहा — “अगर युद्ध नहीं रुका, तो कोई भी व्यापार समझौता नहीं होगा।”
“परमाणु हथियार का असर सब पर पड़ता है”
ट्रंप ने परमाणु हथियारों की भयावहता पर जोर देते हुए कहा, “यह एक बहुत ही शक्तिशाली हथियार है, इतना शक्तिशाली कि आप इसके बारे में बात भी नहीं करना चाहेंगे। इसका असर हर चीज़ पर पड़ता है।” उन्होंने कहा कि परमाणु युद्ध का खतरा टलना ही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि थी।
भारत-पाकिस्तान में क्यों बढ़ा था तनाव?
ट्रंप का बयान इस साल अप्रैल-मई में भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव से जुड़ा है। 22 अप्रैल को पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों ने पहलगाम में आतंकी हमला किया था, जिसमें 25 भारतीय और एक नेपाली नागरिक की मौत हुई थी। जवाबी कार्रवाई में, भारतीय सेना ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इस दौरान भारत ने पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए थे, जिससे जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के कैंप पूरी तरह तबाह हो गए थे।
“मेरे हस्तक्षेप ने रोका था युद्ध” : ट्रम्प
ट्रंप ने कहा, “अगर मैंने बीच में हस्तक्षेप न किया होता, तो भारत और पाकिस्तान के बीच भयंकर युद्ध होता। शायद यह परमाणु युद्ध में बदल जाता।” उन्होंने दावा किया कि उनके फोन कॉल और टैरिफ की चेतावनी ने दोनों देशों को बातचीत की टेबल पर ला दिया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

