
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपने 75वें जन्मदिन पर फोन कॉल और शुभकामनाएं देने के लिए धन्यवाद कहा। एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पीएम मोदी ने ट्रंप को अपना “मित्र” बताया और भारत-अमेरिका साझेदारी को “नई ऊंचाइयों” पर ले जाने का संकल्प दोहराया।
मोदी ने लिखा,“मेरे मित्र, राष्ट्रपति ट्रंप, मेरे 75वें जन्मदिन पर आपके फोन कॉल और हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। आपकी तरह, मैं भी भारत-अमेरिका व्यापक एवं वैश्विक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूँ।”
यूक्रेन संघर्ष पर भी चर्चा
प्रधानमंत्री ने ट्रंप की कूटनीतिक पहलों का समर्थन करते हुए कहा, “हम यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में आपकी पहल का समर्थन करते हैं।”
ट्रंप का जवाब: “शानदार फोन कॉल”
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर बातचीत का जिक्र करते हुए पीएम मोदी को “बहुत अच्छा दोस्त” बताया। “प्रधानमंत्री मोदी के साथ शानदार फोन कॉल हुई। मैंने उन्हें 75वें जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और उनके शानदार काम की सराहना की। रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के मेरे प्रयासों का समर्थन करने के लिए मोदी जी को धन्यवाद।”
व्यापार समझौते पर नई उम्मीद
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब दोनों देश लंबे समय से अटके द्विपक्षीय व्यापार समझौते को आगे बढ़ाने के लिए तैयार दिख रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि उन्हें “खुशी है कि व्यापार बाधाओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी है” और जल्द ही प्रधानमंत्री मोदी से मिलने की इच्छा जताई।
मोदी ने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “भारत और अमेरिका घनिष्ठ मित्र और स्वाभाविक साझेदार हैं। मुझे विश्वास है कि हमारी व्यापार वार्ताएँ भारत-अमेरिका साझेदारी की असीम संभावनाओं को उजागर करने का मार्ग प्रशस्त करेंगी। हमारी टीमें इन चर्चाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए काम कर रही हैं।”
हालिया तनाव से अलग गर्मजोशी
यह संवाद हाल के हफ्तों की तुलना में खास है, क्योंकि हाल में ट्रंप प्रशासन ने भारतीय निर्यात पर अमेरिकी टैरिफ 50% तक बढ़ा दिया था और रूस से कच्चे तेल की खरीद पर 25% अधिभार लगाया था। नई दिल्ली ने इस पर कहा था कि दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल उपभोक्ता के लिए सस्ती ऊर्जा आपूर्ति सुनिश्चित करना जरूरी है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

