
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने साउथ कोरिया के बुसान एयरपोर्ट पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ करीब 100 मिनट लंबी बैठक की। बातचीत के बाद ट्रम्प ने प्लेन में पत्रकारों से कहा, “चीन के साथ ट्रेड डील पूरी हो गई है, अब सिर्फ दस्तखत होना बाकी है।” उन्होंने बताया कि चीन पर लगाए गए 10% टैरिफ घटा दिए गए हैं, जबकि चीन बड़ी मात्रा में अमेरिका से सोयाबीन खरीदने पर सहमत हुआ है।
ट्रम्प बोले- "अगर बैठक को 0 से 10 के पैमाने पर आंका जाए, तो मैं इसे 12 दूंगा"
ट्रम्प ने जिनपिंग की तारीफ करते हुए कहा, “शी जिनपिंग एक महान नेता हैं। हमने कई अहम मुद्दों पर सहमति बनाई है। अगर इस बैठक को 0 से 10 के पैमाने पर आंका जाए, और 10 सबसे अच्छा माना जाए, तो मैं इसे 12 दूंगा।”
फेंटेनाइल और टैरिफ में राहत
ट्रम्प ने कहा कि चीन पर फेंटेनाइल (एक खतरनाक ड्रग) के कारण जो 20% टैरिफ लगाया गया था, उसे अब 10% तक घटा दिया गया है, जो तुरंत प्रभाव से लागू होगा।
उन्होंने कहा कि यह समझौता दोनों देशों के लिए "विन-विन" स्थिति है।
परमाणु परीक्षण पर बोले ट्रम्प
ट्रम्प ने तीन दशक बाद परमाणु परीक्षण फिर शुरू करने के आदेश को सही ठहराया। “रूस और चीन दोनों ऐसा कर रहे हैं, हमारे पास सबसे ज्यादा हथियार हैं, लेकिन हम टेस्ट नहीं करते। मुझे लगता है कि हमें भी ऐसा करना चाहिए,” उन्होंने कहा, “टेस्टिंग साइट्स तैयार हैं, इसकी घोषणा जल्द होगी।”
रेयर अर्थ मटेरियल विवाद भी खत्म
ट्रम्प ने बताया कि अमेरिका और चीन के बीच रेयर अर्थ मटेरियल्स (Rare Earth Materials) को लेकर चल रहा विवाद भी सुलझ गया है। “अब चीन की तरफ से कोई रुकावट नहीं रही,”
बतादें यह वही खनिज हैं जो इलेक्ट्रॉनिक्स, बैटरी, सोलर पैनल और रक्षा तकनीक में इस्तेमाल होते हैं। लंबे समय से ये अमेरिका-चीन व्यापार विवाद का केंद्र बने हुए थे।
यूक्रेन जंग पर साथ मिलकर काम करेंगे
ट्रम्प ने कहा कि उन्होंने यूक्रेन-रूस युद्ध पर भी शी जिनपिंग से गंभीर चर्चा की। “हम दोनों मानते हैं कि दोनों पक्ष भिड़े हुए हैं, कभी-कभी आपको उन्हें लड़ने देना पड़ता है। लेकिन जिनपिंग इसमें हमारी मदद करेंगे और हम साथ काम करेंगे।”
किम जोंग उन से फिर मुलाकात का संकेत
ट्रम्प ने कहा कि उनका कार्यक्रम व्यस्त है, इसलिए वे फिलहाल उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन से नहीं मिल पाएंगे, “लेकिन मैं उनसे दोबारा मिल सकता हूं। उन्होंने कहा, अगर मैं राष्ट्रपति नहीं बनता, तो शायद युद्ध छिड़ जाता”
अप्रैल 2026 में चीन जाएंगे ट्रम्प
ट्रम्प ने बताया कि वे अगले साल अप्रैल 2026 में चीन का दौरा करेंगे, जिसके बाद शी जिनपिंग अमेरिका आएंगे। “यह मुलाकात फ्लोरिडा, पाम बीच या वॉशिंगटन डीसी में कहीं भी हो सकती है,”
ट्रम्प ने बताया।
6 साल बाद आमने-सामने हुए दोनों नेता
ट्रम्प और जिनपिंग की यह मुलाकात 6 साल बाद हुई। आखिरी बार दोनों की बैठक 2019 में हुई थी। बैठक से पहले ही ट्रम्प ने कहा था कि “आज ही ट्रेड डील साइन हो सकती है।” दोनों नेताओं ने हाथ मिलाकर एक-दूसरे का अभिवादन किया और ट्रम्प ने कहा, “शी बहुत सख्त वार्ताकार हैं, यह अच्छी बात नहीं है... लेकिन हम एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते हैं।”
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

