
चीन के तियानजिन में हो रहे SCO समिट में इस बार अलग ही नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आपसी बातचीत में मुस्कुराते और खुशनुमा माहौल में नजर आए। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दिलचस्प बात यह रही कि जब पीएम मोदी पुतिन से बातचीत करते हुए आगे बढ़ रहे थे तो पास ही खड़े पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ उन्हें टकटकी लगाए देखते रहे।
पीएम मोदी का आतंकवाद पर वार
SCO समिट में प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद को लेकर बेहद कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा, “सुरक्षा, शांति और स्थिरता किसी भी देश के विकास का आधार हैं। लेकिन आतंकवाद, अलगाववाद और अतिवाद बड़ी चुनौतियाँ हैं। आतंकवाद केवल किसी देश की सुरक्षा के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए साझा खतरा है। कोई भी समाज इससे सुरक्षित नहीं है। इसलिए भारत ने आतंकवाद से लड़ाई में एकता पर जोर दिया है। हमने आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ आवाज उठाई और अल-कायदा जैसे संगठनों के खिलाफ संयुक्त सूचना अभियान का नेतृत्व किया।”
मोदी ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए कहा, “यह हमला मानवता में विश्वास रखने वाले हर देश और व्यक्ति के लिए खुली चुनौती थी। ऐसे में प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या कुछ देशों द्वारा आतंकवाद को खुला समर्थन हमें स्वीकार्य हो सकता है। हमें स्पष्ट और एक स्वर में कहना होगा कि आतंकवाद पर कोई भी दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं होंगे।”
शी जिनपिंग का अमेरिकी टैरिफ पर हमला
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपने संबोधन में SCO की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए इसे दुनिया का सबसे बड़ा क्षेत्रीय संगठन बताया। उन्होंने कहा कि सदस्य देशों के बीच सहयोग और एकता लगातार मजबूत हो रही है। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिका पर अप्रत्यक्ष हमला बोलते हुए कहा –
“वैश्विक व्यवस्था में धौंस और दबाव जैसी प्रवृत्तियां गलत हैं। अमेरिकी टैरिफ इसके उदाहरण हैं और यह दुनिया के लिए हानिकारक है।”
SCO समिट क्यों अहम है?
➡️ SCO दुनिया का सबसे बड़ा क्षेत्रीय संगठन बन चुका है।
➡️ भारत ने आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट रुख अपनाया।
➡️ चीन ने अमेरिका की नीतियों की आलोचना कर संदेश दिया।
➡️ रूस-भारत-चीन की जुगलबंदी ने अंतरराष्ट्रीय राजनीति का नया संकेत दिया।
➡️ पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ की 'टकटकी' ने सोशल मीडिया पर चर्चा छेड़ दी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

