
एलन मस्क की अगुवाई में पिछले 6 सालों तक टेस्ला आगे बढ़ी, जिसके लिए मस्क के 44 अरब डॉलर के सैलरी पैकेज को कंपनी के शेयरहोल्डर ने मंजूरी दे दी। यही वजह है सोमवार को टेस्ला के शेयरों में तेजी देखने को मिली। जिसके असर से ईवी कंपनी के सीईओ एक बार फिर से अरबपतियों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं। सोमवार को उनकी नेटवर्थ में 56 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है। मस्क के पहले पॉजिशन में आने के बाद जेफ बेजोस एक बार फिर से खिसककर दूसरे पायदान पर आ गए हैं। दोनों के बीच दौलत का अंतर अब 25 हजार करोड़ रुपए पर आ गया है। आइए ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के आंकड़ों को देखकर समझने की कोशिश करते हैं कि आखिर एलन मस्क की दौलत कितनी हो गई है?
एलन मस्क की दौलत में इजाफा
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के अनुसार टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की दौलत में सोमवार को 6.74 अरब डॉलर का इजाफा देखने को मिला है। अगर इस भारतीय रुपए में देखा जाए तो मस्क कुल नेटवर्थ में 56 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी के बाद एलन मस्क अब दुनिया के सबसे अमीर अरबपति बन गए हैं। इससे पहले गुरुवार को भी एलन मस्क पहले पायदान पर गए थे। लेकिन शुक्रवार को मस्क की नेटवर्थ कम होने और जेफ बेजोस की दौलत में इजाफा होने के कारण मस्क दूसरे पायदान पर आ गए थे। उस समय दोनों की नेटवर्थ में ज्यादा अंतर भी नहीं था। अब दोनों की नेटवर्थ में 3 बिलियन डॉलर यानी 25 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का अंतर है।
कितनी हो गई नेटवर्थ
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के आंकड़ों के मुताबिक एलन मस्क की दौलत बढ़ोतरी के बाद उनकी कुल नेटवर्थ 210 अरब डॉलर हो गई है। वहीं दूसरी ओर जेफ बेजोस की कुल नेटवर्थ 207 अरब डॉलर पर आ गई है। जहां एलन मस्क की दौलत में मौजूदा साल में 18.9 अरब डॉलर की गिरावट देखने को मिली है। दूसरी ओर जेफ बेजोस की दौलत में 29.7 अरब डॉलर का इजाफा देखने को मिला है। वैसे सोमवार को जेफ बेजोस की नेटवर्थ में सोमवार को 325 मिलियन डॉलर के साथ मामूली इजाफा देखने को मिला है।
टेस्ला के शेयरों की तेजी
एलन मस्क की नेटवर्थ में बढ़ोतरी की वजह टेस्ला के शेयरों में तेजी है। सोमवार को टेस्ला के शेयर में 5.30 फीसदी की तेजी देखने को मिली है और शेयर के दाम 187.44 डॉलर हो गए। कारोबारी सत्र के दौरान टेस्ला के शेयर 188.81 डॉलर पर भी पहुंचे। वैसे अभी भी टेस्ला के शेयर अपने 52 हफ्तों के हाई से करीब 112 डॉलर पीछे है। विदेशी मीडिया रिपोर्ट के अनुसार टेस्ला के शेयरों में तेजी की प्रमुख वजह एलन मस्क के 44 अरब डॉलर के सैलरी पैकेज को मंजूरी मिलना है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

