
सर्राफा बाजार में आज फिर से रौनक लौट आई है। पिछले कुछ दिनों की गिरावट के बाद 9 फरवरी को सोना और चांदी दोनों के दामों में तेज उछाल देखने को मिला है। कीमतें बढ़ते ही निवेशकों और खरीदारों की दिलचस्पी भी बाजार में फिर बढ़ने लगी है।
सोने की कीमत में 3,500 से ज्यादा की बढ़त
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव 3,515 रुपए बढ़कर 1,55,593 रुपए पर पहुंच गया है। इससे पहले सोना 1,52,078 रुपए पर कारोबार कर रहा था। हालांकि, सर्राफा बाजार में 29 जनवरी को सोना 1,76,121 रुपए के स्तर तक पहुंचकर अपना उच्चतम रिकॉर्ड बना चुका है।
चांदी ने भी पकड़ी रफ्तार
सोने के साथ-साथ चांदी के दामों में भी जोरदार उछाल देखने को मिला। चांदी की कीमत 16,826 रुपए बढ़कर 2,61,755 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। इससे पहले चांदी का भाव 2,44,929 रुपए प्रति किलो था। चांदी ने भी 29 जनवरी को 3,85,933 रुपए प्रति किलो का रिकॉर्ड हाई बनाया था।
गिरावट के बाद निवेशकों की वापसी
बीते तीन कारोबारी सत्रों में सोना-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई थी। इस दौरान सोना करीब 15% तक सस्ता हो गया था। अब कीमतें स्थिर होने के बाद निवेशक निचले स्तर पर खरीदारी कर रहे हैं। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि एक साथ बड़ा निवेश करने से बेहतर है कि सोने-चांदी में धीरे-धीरे पैसा लगाया जाए।
2025 में सोना-चांदी ने दिया शानदार रिटर्न
पिछले साल की बात करें तो सोना और चांदी दोनों ने निवेशकों को जबरदस्त फायदा दिया। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम सोना 76,162 रुपए था। 31 दिसंबर 2025 तक यह बढ़कर 1,33,195 रुपए हो गया। यानी साल भर में करीब 57 हजार रुपए या 75% की बढ़त। चांदी का रिटर्न और भी ज्यादा रहा 31 दिसंबर 2024 को चांदी 86,017 रुपए प्रति किलो थी, 31 दिसंबर 2025 तक यह 2,30,420 रुपए हो गई। यानी करीब 1.44 लाख रुपए या 167% की बढ़त।
सोना खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
1. हॉलमार्क वाला सर्टिफाइड सोना ही लें
खरीदारी करते समय BIS हॉलमार्क वाला सोना ही खरीदें। इससे सोने की शुद्धता का सही पता चलता है। हॉलमार्क नंबर अल्फान्यूमेरिक फॉर्मेट में होता है, जैसे AZ4524।
2. कीमत जरूर क्रॉस-चेक करें
खरीदने से पहले सोने का वजन और उस दिन का रेट अलग-अलग स्रोतों से जरूर जांच लें। सोने के दाम 24, 22 और 18 कैरेट के हिसाब से अलग होते हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

