शुक्रवार, 13 मार्च 2026
Logo
Business
नवरात्र पर मोदी का बड़ा तोहफा: जीएसटी कटौती से 400 प्रोडक्ट्स हुए सस्ते, गाड़ियां-इलेक्ट्रॉनिक्स पर तगड़ी बचत!
22 सित, 2025 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
नवरात्र पर मोदी का बड़ा तोहफा: जीएसटी कटौती से 400 प्रोडक्ट्स हुए सस्ते, गाड़ियां-इलेक्ट्रॉनिक्स पर तगड़ी बचत!

नवरात्र पर मोदी का बड़ा तोहफा: जीएसटी कटौती से 400 प्रोडक्ट्स हुए सस्ते, गाड़ियां-इलेक्ट्रॉनिक्स पर तगड़ी बचत!

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन की शुरुआत आज से नवरात्र के पहले दिन हो गई है और इसके साथ ही देशवासियों को मिला है जीएसटी 2.0 का शानदार गिफ्ट। अब से देशभर में 400 से ज्यादा प्रोडक्ट्स पर कम जीएसटी दरें लागू होंगी। यानी गाड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक्स, एफएमसीजी, गारमेंट्स, फूड प्रोडक्ट्स और फुटवियर अब पहले से सस्ते दाम पर मिलेंगे। बाजार में उत्साह ऐसा है कि पहले ही दिन से जोरदार खरीदारी की उम्मीद है।


उपभोक्ताओं को 15% तक की बचत

सरकार ने कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि जीएसटी कटौती के अनुपात में एमआरपी घटाई जाए। सूत्रों का कहना है कि इससे उपभोक्ता वस्तुओं पर 15% तक की बचत संभव है। इस बार नवरात्र और दिवाली के बीच देशभर में 1.60 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कारोबार होने का अनुमान है।


वाहन बाजार में एडवांस बुकिंग का क्रेज

जीएसटी रिफॉर्म्स के बाद टू-व्हीलर 7 हजार से 20 हजार और कारें 50 हजार से डेढ़ लाख तक सस्ती हो गई हैं। इसका असर साफ है—वाहन डीलरों के पास एडवांस बुकिंग दोगुनी हो चुकी है। फोर्टी अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने बताया, “नवरात्र से दिवाली तक देश में आमतौर पर 4.25 लाख करोड़ का व्यापार होता है। इस बार जीएसटी कटौती से 1 लाख करोड़ का अतिरिक्त कारोबार संभव है।”


इलेक्ट्रॉनिक्स पर 10% तक कमी

पिछले डेढ़ महीने से ग्राहक जीएसटी कटौती का इंतजार कर रहे थे। अब टीवी, एसी, फ्रिज जैसे इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम पर 10% तक कीमत घटी है।

➡️ एसी: 35,000 बेस प्राइस वाले एसी पर अब 18% जीएसटी लगेगा। कुल कीमत 44,800 से घटकर करीब 41,300 हो जाएगी। यानी 3,000–5,000 रुपए तक की सीधी बचत।

➡️ टीवी: 55 इंच का टीवी अब करीब 4,000 रुपए सस्ता मिलेगा।


एफएमसीजी में 90% प्रोडक्ट्स सस्ते

एफएमसीजी सेक्टर में 90% प्रोडक्ट्स की कीमतों में 10% तक कटौती हुई है। इसका सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ेगा। फेस्टिव सीजन में उपभोक्ताओं के पास 10 हजार से 1 लाख रुपए तक की अतिरिक्त राशि होगी, जो दोबारा बाजार में खर्च होगी।


PM मोदी का राष्ट्र को संदेश

रविवार शाम राष्ट्र के नाम संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “नवरात्र के साथ देश में जीएसटी बचत उत्सव शुरू होने जा रहा है। जरूरत की चीजें सस्ती होने से आपकी बचत बढ़ेगी और पसंद की चीजें खरीदना आसान होगा। हम ‘नागरिक देवोभव’ के मंत्र पर चलते हुए आगे बढ़ रहे हैं। नई जीएसटी व्यवस्था में आपको नई पीढ़ी का बदलाव दिखेगा।” मोदी ने स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील करते हुए कहा, “स्वदेशी से ही भारत समृद्ध बनेगा। सरकार ने बजट में आयकर छूट सीमा 12 लाख तक बढ़ाई है। इसमें जीएसटी छूट जोड़ दें, तो एक साल में देशवासियों को 2.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की बचत होगी।”


नवरात्र से दिवाली तक बाजार में उछाल तय

जीएसटी 2.0 की इस नई व्यवस्था ने त्योहारी सीजन की रौनक को कई गुना बढ़ा दिया है। वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े और रोजमर्रा के सामान पर बड़ी बचत से ग्राहकों की जेब तो भरेगी ही, बाजार में भी जबरदस्त हलचल देखने को मिलेगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें