
नई दिल्ली। दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में आज फिर बदलाव आया है। रिलांयस ग्रुप के चेयरमैन मुकेश अंबानी फिर से एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। वहीं, गौतम अडानी नेटवर्थ के मामले में एशिया में दूसरे नंबर पर आ गए हैं। इससे एक दिन पहले गौतम अडानी ने अंबानी को दौलत के मामले में पीछे छोड़ दिया था और भारत के सबसे अमीर अरबपति बन गए थे। लेकिन शुक्रवार को अडानी की नेटवर्थ में बड़ी गिरावट दर्ज हुई। इससे अमीरों की लिस्ट में वे फिसलकर नीचे आ गए। आइए जानते हैं कि अडानी की नेटवर्थ में कितनी गिरावट आई है।
1 दिन में 25,700 करोड़ कम हो गई दौलत
अडानी ग्रुप (Adani Group) के चेयरमैन गौतम अडानी इस समय दुनिया के 14वें सबसे अमीर अरबपति हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, अडानी की संपत्ति में पिछले एक दिन में 3.09 अरब डॉलर (25,700 करोड़ रुपये) की गिरावट आई है। इस गिरावट से गौतम अडानी की नेटवर्थ घटकर 94.5 अरब डॉलर रह गई है। हालांकि, इस साल में अब तक गौतम अडानी की संपत्ति में कुल 10.2 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। यह दुनिया में सबसे अधिक है।
मुकेश अंबानी को हुआ 4,460 करोड़ का फायदा
मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में शुक्रवार को 536 मिलियन डॉलर (4460 करोड़ रुपये) का इजाफा हुआ है। इस तरह उनकी संपत्ति 97.5 अरब डॉलर पर पहुंच गई है। मुकेश अंबानी इस समय दुनिया के 12वें सबसे अमीर व्यक्ति हैं। उनकी नेटवर्थ में इस साल अब तक 1.20 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में टॉप-10 में किसी भारतीय का नाम नहीं है। एलन मस्क 219 अरब डॉलर की दौलत के साथ इस लिस्ट में टॉप पर हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

