
मुंबई। शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई। IBJA के अनुसार, 24 कैरेट सोना एक दिन में 5,947 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ, जबकि चांदी के भाव में 9,789 रुपए प्रति किलो की कमी आई। कीमतों में इस गिरावट के बाद सोना करीब एक साल पुराने स्तर पर पहुंच गया है। इस साल जनवरी में रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद सोना करीब 30% और चांदी लगभग 60% तक टूट चुकी है।
एक साल पुराने भाव पर पहुंचा सोना, चांदी भी 1.50 लाख पर आई
शुक्रवार की गिरावट के बाद 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.23 लाख रुपए रह गया। तुलना करें तो पिछले साल 24 नवंबर को भी सोना 1,23,308 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था। चांदी की कीमतों में भी बड़ी कमी देखने को मिली। एक दिन में 9,789 रुपए टूटने के बाद इसका भाव करीब 1.50 लाख रुपए प्रति किलो रह गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और ऊंचे भाव पर निवेशकों की मुनाफावसूली को इस गिरावट की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
जनवरी के रिकॉर्ड भाव से कितना सस्ता हुआ सोना-चांदी?
साल 2025 के आखिरी दिनों से लेकर जनवरी 2026 तक सोने और चांदी की कीमतों में तेज उछाल आया था। 29 जनवरी 2026 को दोनों कीमती धातुएं अपने रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थीं। इसके बाद से लगातार गिरावट के चलते इनके भाव काफी नीचे आ चुके हैं।
दोनों धातुओं की कीमतों में आए बदलाव को इस तरह समझ सकते हैं:
31 दिसंबर 2025: सोना 1.33 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी।
29 जनवरी 2026: सोना बढ़कर 1.76 लाख रुपए और चांदी 3.80 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी।
शुक्रवार: सोना गिरकर करीब 1.23 लाख रुपए और चांदी 1.50 लाख रुपए प्रति किलो पर आ गई।
रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो सोने की कीमत में करीब 52.4 हजार रुपए यानी 30% की गिरावट आई है। इसी तरह चांदी अपने उच्चतम भाव से करीब 2.29 लाख रुपए यानी 60% तक सस्ती हो चुकी है।
अलग-अलग शहरों में सोने के भाव अलग क्यों होते हैं?
एक ही दिन देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में अंतर देखने को मिलता है। इसके पीछे चार प्रमुख कारण हैं।
1\. ट्रांसपोर्ट और सुरक्षा का खर्च: सोने को एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाने में परिवहन और सुरक्षा पर खर्च होता है। दूरी के हिसाब से यह लागत कीमत को प्रभावित करती है।
2\. खरीदारी की मात्रा: दक्षिण भारत में देश की कुल सोने की खपत करीब 40% मानी जाती है। यहां ज्वेलर्स बड़ी मात्रा में सोने की खरीदारी करते हैं, लेकिन थोक खरीद का लाभ ग्राहकों तक सीमित रूप में पहुंचता है।
3\. स्थानीय ज्वेलरी एसोसिएशन: अलग-अलग राज्यों और शहरों के ज्वेलरी एसोसिएशन स्थानीय मांग और उपलब्धता के आधार पर सोने के भाव निर्धारित करते हैं।
4\. पुराने स्टॉक की कीमत: ज्वेलर्स ने पहले जिस कीमत पर सोना खरीदा है, उसका असर भी ग्राहकों को मिलने वाले बिक्री भाव पर पड़ता है।
सोना खरीदने से पहले इन दो बातों की जांच जरूरी
सोने की खरीदारी करते समय केवल बाजार भाव देखना पर्याप्त नहीं है। शुद्धता और सही कीमत की पुष्टि करना भी जरूरी है। BIS हॉलमार्क जरूर देखें: सोना खरीदते समय ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) का हॉलमार्क लगा सर्टिफाइड गोल्ड ही चुनें। हॉलमार्क पर AZ4524 जैसे अल्फान्यूमेरिक नंबर हो सकते हैं। इससे सोने की शुद्धता और कैरेट की जानकारी मिलती है।
एक से ज्यादा जगह भाव जांचें: खरीदारी से पहले इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट समेत दूसरे स्रोतों पर कीमत की पुष्टि करें। 24, 22 और 18 कैरेट सोने के भाव अलग-अलग होते हैं।
असली चांदी की पहचान करने के चार आसान तरीके
चांदी खरीदते समय उसकी शुद्धता को लेकर संदेह हो तो कुछ सामान्य परीक्षण किए जा सकते हैं।
1\. मैग्नेट टेस्ट: असली चांदी चुंबक से नहीं चिपकती। चुंबक से चिपकना मिलावट या नकली धातु का संकेत हो सकता है।
2\. आइस टेस्ट: चांदी पर बर्फ रखने पर असली चांदी में गर्मी तेजी से स्थानांतरित होती है, जिससे बर्फ जल्दी पिघलती है।
3\. स्मेल टेस्ट: शुद्ध चांदी में आमतौर पर कोई खास गंध नहीं होती। कॉपर जैसी गंध मिलना दूसरी धातु की मौजूदगी का संकेत हो सकता है।
4\. क्लॉथ टेस्ट: चांदी को सफेद कपड़े से रगड़ने पर काला निशान आ सकता है। यह चांदी की सतह पर होने वाली प्रतिक्रिया के कारण होता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

