
नई दिल्ली। भारत में डिजिटल पेमेंट माह-दर-माह बढ़ता जा रहा है। ताजा आंकड़े बताते हैं कि दिसंबर महीने में 18.23 लाख करोड़ रुपए का लेनदेन किया गया है और यह नवंबर के मुकाबले पांच फीसदी बढ़ गया। दिसंबर में 12.02 अरब ट्रांजैक्शन्स वॉल्यूम यानी संख्या के लिहाज से किए गए और नवंबर के मुकाबले इसमें पांच फीसदी इजाफा हुआ।
दिसंबर महीना यूपीआई के लिए इसलिए भी खास रहा क्योंकि इस महीने में अब तक के सबसे ज्यादा ट्रांजैक्शन्स किए गए और यूपीआई लेनदेन ने नई ऊंचाई को छू लिया। यूपीआई द्वारा लेनदेन की बात करें तो 2023 में इसका भी रिकॉर्ड कायम हुआ और 117.6 अरब ट्रांजैक्शन्स किए गए। मूल्य के लिहाज से इस साल 183 लाख करोड़ रुपए का ट्रांजैक्शन हुआ, जो साल 2022 के 45 फीसदी ज्यादा है। संख्या के लिहाज से भी 2022 की तुलना में 2023 में 59 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली। महीने के लिहाज से नवंबर 2023 में भी रिकॉर्ड बना था और 17.4 लाख करोड़ रुपए के 11.24 अरब लेनदेन किए गए थे। दिसंबर में यूपीआई लेनदेन 2022 के इसी महीने की तलना में संख्या के लिहाज से 54 फीसदी और मूल्य के लिहाज से 42 फीसदी बढ़ गया था।
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया एनपीसीआई की तरफ से शेयर किए गए आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर 2023 में संख्या के लिहाज से 11.41 अरब लेनदेन हुए और वह भी उस समय तक का एक नया निकॉर्ड था। 2023 के आधे साल तक यानी करीब 6 महीनों तक, यूपीआई लेनदेन ने पहली बार वॉल्यूम में 10 अरब का आंकड़ा अगस्त में और मूल्य में 15 लाख करोड़ रुपए जुलाई में देखा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

