N
डेस्क रिपोर्टर
भोपाल, न्यूज वर्ल्ड डेस्क। मध्यप्रदेश में नवंबर 2023 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। पार्टियों ने मंथन और रणनीति पर काम करना शुरु कर दिया है। प्रदेश में 230 विधानसभा सीटें हैं। ये सीटें 10 संभागों में बंटी हुई हैं। बुंदेलखंड का सागर जिला चुनाव के हिसाब से काफी अहम माना जाता है। शिवराज सरकार में सागर जिले से 3 कैबिनेट मंत्री है। भूपेन्द्र सिंह,गोपाल भार्गव और गोविंद सिंह राजपूत तीनों के पास अहम विभाग है।
सागर जिले में 8 विधानसभा की सीटें हैं । सागर, बीना (अजा), खुरई, सुरखी, देवरी, रेहली, नरयावली(अजा), और बंडा विधानसभा सीट। इन 8 सीटों में 6 पर बीजेपी का कब्जा है जबकि 2 सीट कांग्रेस के पास हैं। सागर जिले की बीना विधानसभा सीट जो कि अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है काफी अहम सीट मानी जाती है। 1990 से 2018 तक कुल 7 चुनाव इस सीट पर हुए। इनमें 6 बार बीजेपी और 1 बार कांग्रेस जीतने में सफल रही। इस गणित से इस सीट को बीजेपी का गढ माना जाता है। 2018 का विधानसभा चुनाव बीजेपी ने जीता था। आंकड़े बताते हैं कि यहां मुकाबला एक तरफा रहा है क्योंकि 7 में से 6 चुनाव बीजेपी ने जीतकर ये साबित भी किया है । 2018 का विधानसभा चुनाव बीजेपी के महेश राय ने 632 वोटों से जीता था। हालांकि इस बार उनके जीत का मार्जिन बहुत कम रहा। कांग्रेस इस सीट पर दूसरे नंबर पर रही। बीजेपी के महेश राय को 57828 वोट मिले जबकि कांग्रेस के शशि कुमार कथूरिया को 57196 मत प्राप्त हुए।
क्या कहता है चुनावी इतिहास
- 1990 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी सुधाकर बापट ने जीते हासिल की थी। बापट ने कांग्रेस के प्रभुसिंह ठाकुर को 9270 वोंटो से हराया था।
- 1993 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने यहां परचम लहराया। कांग्रेस के प्रभुसिंह ठाकुर ने बीजेपी के सुधाकर बापट को 11140 वोटों से हराया।
- 1998 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने इस सीट पर वापसी की। बीजेपी के सुधाकर बापट ने कांग्रेस के अरुणोदय चौबे को 5828 वोटों के अंतर से हराया।
- 2003 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी सुशीला राकेश सिरोठिया ने बीजेपी की जीत का सिलसिला बरकरार रखा। सुशीला राकेश सिरोठिया ने कांग्रेस के प्रभुसिंह ठाकुर को 4387 वोटों से हराया।
- 2008 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने विनोद पंथी को अपना प्रत्याशी बनाया। पंथी ने कांग्रेस के ओमप्रकाश कथोरिया को 6409 मतों से शिकस्त दी।
- 2013 का विधानसभा चुनाव बीजेपी के महेश राय ने जीता। राय ने कांग्रेस के निर्मला सप्रे को 18769 वोटों से हराया।
- 2018 विधानसभा चुनाव में बीजेपी प्रत्याशी महेश राय ने एक बार फिर जीत हासिल की। इस बार उनका जीत का अंतर काफी कम रहा। राय सिर्फ 632 वोटों से ही जीत हासिल कर पाये। महेश राय ने कांग्रेस के शशि कुमार कथूरिया को हराया।
क्या कहते हैं समीकरण
1990 से 2018 तक के समीकरण बताते हैं कि ये सीट बीजेपी का गढ रही है । क्योंकि 90 से लेकर 2018 तक कुल 7 चुनाव इस सीट पर हुए। 7 चुनावों में बीजेपी ने 6 चुनाव यहां जीते हैं। काग्रेस सिर्फ एक बार 1993 में यहां जीत हासिल कर पाई। आंकड़ो के हिसाब से यहां बीजेपी का पलड़ा ही भारी रहा है। 2018 चुनाव में बीजेपी की जीत का अंतर जरुर कम हुआ है। यहां कांग्रेस नये सिरे से प्रत्याशी चयन में लगी हुई है। देखना होगा 2023 में कौन तीरंदाज इस सीट पर होगा जो फतह हासिल करेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

