शुक्रवार, 13 मार्च 2026
Logo
Delhi
दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना से 30 लोगों की मौत, 3674 कोरोना पॉजिटिव पाए गए
अभी-अभी 0 व्यूज 4 मिनट पढ़ाई
दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना से 30 लोगों की मौत, 3674 कोरोना पॉजिटिव पाए गए

दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोरोना से 30 लोगों की मौत, 3674 कोरोना पॉजिटिव पाए गए

News World Desk
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk

नई दिल्ली, (आईएएनएस)। कोरोना संक्रमण दर में कमी आने के बाद दिल्ली में शनिवार और रविवार को लगने वाले वीकेंड कर्फ्यू समेत कई कोरोना प्रतिबंधों में छूट दी गई है। दिल्ली में बीते 24 घंटे के दौरान 57 हजार से अधिक व्यक्तियों की कोरोना जांच की गई। इस दौरान 3674 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाए गए। दिल्ली सरकार का कहना है कि दिल्ली में फिलहाल कोरोना पॉजिटिविटी दर 6.37 प्रतिशत है। दिल्ली सरकार के मुताबिक, दिल्ली में अभी तक कोरोना से कुल 25,827 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं दिल्ली में कुल एक्टिव कोरोना रोगियों की संख्या 21,490 है।


कोरोना संक्रमण की कम होती हुई स्थिति को देखते हुए दिल्ली में कोरोना के कारण लगाए गए व्यावसायिक प्रतिबंधों में बड़ी ढील दी जा चुकी है। दिल्ली से वीकेंड कर्फ्यू हटा लिया गया है। इसके साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को एक और बड़ी राहत देते हुए ऑड ईवन का नियम भी समाप्त कर दिया गया है। 50 फीसदी क्षमता के साथ में सिनेमा हॉल भी खुलने जा रहे हैं। शादी विवाह जैसे समारोह में 200 व्यक्तियों अनुमति दी गई है। हालांकि दिल्ली में नाइट कर्फ्यू अभी भी जारी है। यह सभी फैसले गुरुवार को हुई दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की बैठक में लिए गए। इस बैठक की अध्यक्षता दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने की।

गौरतलब है कि दिल्ली सरकार पहले से ही दिल्ली के सभी बाजारों को पूरी क्षमता के साथ खोलने के पक्ष में थी। इसके लिए पहले से ही उपराज्यपाल को एक प्रस्ताव भी भेजा जा चुका था। वीकेंड कर्फ्यू के तहत दिल्ली के सभी बाजारों को शनिवार और रविवार को पूरी तरह बंद रखा जा रहा था। इस दौरान सामान्य आवाजाही पर भी काफी हद तक अंकुश था। हालांकि अब यह नियम वापस ले लिया गया है, जिसके चलते शनिवार और रविवार को खुलने वाले बाजार वीकेंड पर खुले रहे।

दिल्ली के बाजारों को ऑड ईवन के फार्मूले से भी राहत प्रदान की गई है। दिल्ली में कोरोना को फैलने से रोकने के लिए कई प्रकार के प्रतिबंध लगाए गए थे। इनमें दुकानों को ऑड ईवन के आधार पर खोलना भी शामिल था। यानी किसी भी बाजार में एक दिन एक में आपस में सटी एक ही दुकान खुल सकती थी और अगले दिन उसके बगल वाली दुकान खोली जा रही थी। ऐसा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किया गया था। दिल्ली सरकार की सिफारिश पर अब इस प्रतिबंध से छूट दे गई है।

कोरोना प्रतिबंधों के कारण दिल्ली के रेस्टोरेंट में बैठकर खाने की अनुमति नहीं थी। रेस्टोरेंट केवल होम डिलीवरी या टेकअवे के लिए खुले थे, लेकिन अब 50 प्रतिशत क्षमता के साथ दिल्ली के रेस्टोरेंट भी खुल रहे हैं ।

--आईएएनएस
जीसीबी/एसजीके

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें