
प्रयागराज महाकुंभ 2025 में माला बेचते हुए वायरल हुई मोनालिसा की तकदीर बदल गई है। बॉलीवुड डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी अगली फिल्म में मौका देने का वादा निभा दिया है। वे खुद मोनालिसा के घर पहुंचे और अपनी अपकमिंग फिल्म "डायरी ऑफ मणिपुर" के लिए उन्हें साइन कर लिया।
डायरेक्टर बोले – वीडियो देखकर ही कर लिया था फैसला
डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने बताया कि जब उन्होंने मोनालिसा का वीडियो पहली बार देखा, तभी उन्होंने तय कर लिया था कि वह इस प्रतिभाशाली लड़की को फिल्म में मौका देंगे। वादे के मुताबिक, वह मोनालिसा के परिवार से मिलने महेश्वर पहुंचे और उनके साथ फिल्म को लेकर चर्चा की।
बॉलीवुड में पहली फिल्म, राजकुमार राव के भाई के साथ करेंगी काम
मोनालिसा अपनी पहली फिल्म "डायरी ऑफ मणिपुर" में नजर आएंगी, जिसमें लीड रोल में राजकुमार राव के भाई अमित राव होंगे। फिल्म की शूटिंग लंदन में शुरू होगी, लेकिन मोनालिसा के हिस्से की शूटिंग भारत में ही होगी।
तीन महीने मुंबई में लेंगी ट्रेनिंग
फिल्म में काम करने से पहले मोनालिसा को तीन महीने की एक्टिंग ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए वह मुंबई जाएंगी और अप्रैल 2025 से उनकी शूटिंग शुरू होगी। इससे पहले सनोज मिश्रा "बंगाल डायरी" जैसी फिल्में बना चुके हैं।
माला बेचने से सुर्खियों तक का सफर
मोनालिसा का परिवार महेश्वर शहर के बाहरी इलाके में डेरा डालकर रहता है और मेलों में माला व नगीनों की बिक्री करता है। वह लंबे समय से ओंकारेश्वर और उज्जैन के धार्मिक स्थलों पर भी माला बेच रही थी। महाकुंभ में यू-ट्यूबर्स की वजह से उनकी वीडियो वायरल हुई, जिसके चलते परिवार को मेले से जल्द लौटना पड़ा था।
अब यह वायरल वीडियो मोनालिसा के लिए सुनहरे भविष्य का रास्ता बन चुका है। जल्द ही वह सिल्वर स्क्रीन पर अपनी नई पारी की शुरुआत करेंगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

