
मुंबई, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। भारतीय संगीतकार और संतूर वादक पंडित शिवकुमार शर्मा का मुंबई में हार्ट अटैक के चलते निधन हो गया। वो 84 वर्ष के थे। वो पिछले छह महीने से किडनी संबंधी समस्याओं से पीड़ित थे और लगातार उनका इलाज जारी था। भारतीय संगीत को उनके खास अंदाज की वजह से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली थी। उनके निधन से म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है और उनका जाना शास्त्रीय संगीत की दुनिया में बड़ी क्षति है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने पंडित शिवकुमार शर्मा को श्रद्धांजलि दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि पंडित शिवकुमार शर्मा के निधन से हमारी संस्कृति की दुनिया को बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने संतूर को वैश्विक स्तर पर लोकप्रियता दिलाई थी। उनका संगीत आने वाली पीढ़ियों को लगातार सिखाती रहेगी।
पंडित शिवकुमार शर्मा के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी शोक जताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, प्रसिद्ध संतूर वादक और संगीतकार पंडित शिव कुमार शर्मा जी के रूप में आज संगीत जगत ने अपने एक दिव्य व्यक्तित्व को खो दिया। वे संगीत में अनूठे प्रयोग के लिए सदैव याद किये जायेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!
बॉलीवुड में 'शिव-हरी' नाम से मशहूर शिव कुमार शर्मा और हरि प्रसाद चौरसिया की जोड़ी ने कई सुपरहिट गानों में संगीत दिया था। जो जानकारी निकल कर सामने आ रही है उसके मुताबिक उनका 15 मई को कॉन्सर्ट होने वाला था। सुरों के सरताज को सुनने के लिए कई लोग बेताब थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

