Friday , May , 03 , 2024

दिल्लीवालों की मुसीबत अभी नहीं घटने वाली, पहाड़ों से आफत बनकर आएगा बारिश का पानी

दिल्लीवालों की मुसीबत अभी नहीं घटने वाली, पहाड़ों से आफत बनकर आएगा बारिश का पानी

नई दिल्‍ली। बाढ़ से जूझ रही दिल्ली को जल्द राहत नहीं मिलने वाली। एक तरफ यमुना का पानी घटने लगा है। दूसरी तरफ, पहाड़ों पर भारी बारिश का अनुमान डरा रहा है। सोमवार को यमुना का जलस्तर कुछ घंटों के लिए बढ़ा था, पर फिर घटने लगा है। दिल्‍ली में यमुना अब भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। पर्वतीय राज्यों में बारिश का असर यमुना के पानी पर दिखेगा। अनुमान है कि 3-4 दिन में दिल्ली पर पहाड़ों की बारिश का प्रभाव दिखने लगेगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले तीन दिन उत्‍तर भारत में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। नतीजा गंगा-यमुना समेत पहाड़ों से निकलने वाली अन्य नदियों के जलस्तर में और बढ़ोतरी होगी। दिल्ली में मंगलवार को मध्‍यम बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी में इस पूरे हफ्ते बारिश होगी। मौसम विभाग ने 22-23 जुलाई को दिल्‍ली में भारी बारिश की आशंका जताई है।


पहाड़ों पर बारिश से दिल्‍ली में बढ़ेगी मुसीबत

मौसम विभाग ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश में कई स्थानों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ-कुछ जगहों पर बेहद भारी बारिश की आशंका है।

उत्तराखंड के कई जिलों के लिए IMD ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

सोमवार और मंगलवार को तमिलनाडु और पुडुचेरी में कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

IMD ने आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय क्षेत्र और यनम में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को बिहार के सभी नदियों के जलग्रहण क्षेत्रों में हल्की से साधारण वर्षा होने की संभावना जताई है।​


मंगलवार (18 जुलाई) सुबह 7 बजे दिल्ली में यमुना पर बने ओल्ड रेलवे ब्रिज (ORB) पर नदी का जलस्तर 205.75 मीटर दर्ज किया गया। यमुना अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।


दिल्‍ली में इस हफ्ते खूब होगी बारिश

दिल्‍ली में मंगलवार को बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है जिससे दिन के वक्त तापमान में कमी आएगी। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी दिल्‍ली में ऐसा ही मौसम रहेगा। 20-21 जुलाई को दिल्‍ली में हल्की बारिश का अनुमान है। 22 और 23 जुलाई को मौसम विभाग ने भारी बारिश होने की संभावना जाहिर की है।

News World Desk

News World Desk

desk@newsworld.com

Comments

Add Comment