Friday , May , 03 , 2024

ताइवान में आया जलजला, 7.4 तीव्रता के जोरदार भूकंप से 4 देशों में हिल गई धरती, सुनामी की चेतावनी जारी

ताइवान में आया जलजला, 7.4 तीव्रता के जोरदार भूकंप से 4 देशों में हिल गई धरती, सुनामी की चेतावनी जारी

ताइवान की राजधानी ताइपे में बुधवार सुबह एक शक्तिशाली भूकंप आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 7.4 मापी गई। इस भूकंप के कारण व्यापक क्षति हुई है, जिसमें कई घर और गगनचुंबी इमारतें ढह गई हैं। समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं, जिससे तटीय क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। ताइवान के फायर डिपार्टमेंट ने बताया है कि भूकंप के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई है और 50 से अधिक घायल हो गए हैं। भूकंप के झटके ताइवान के अलावा जापान, फिलिपींस और चीन में भी महसूस किए गए हैं। दक्षिणी जापान के कुछ हिस्सों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र ताइवान के हुलिएन शहर से 18 किलोमीटर (11 मील) दक्षिण में 34.8 किलोमीटर की गहराई पर था। जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप की तीव्रता 7.5 बताई है।

तीन मीटर ऊंची लहरें उठने की चेतावनी

एजेंसी ने सूचित किया है कि मियाकोजिमा द्वीप सहित क्षेत्र के सुदूर जापानी द्वीपों में तत्काल तीन मीटर (10 फीट) ऊंची सुनामी लहरें उठने की संभावना है। ताइवान के हुआलियन से भूकंप की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं, जिनमें इमारतों को ढहते हुए देखा जा सकता है।


सबसे ज्यादा ताइवान में तबाही

ताइवान में भूकंप से भारी तबाही हुई है। देशभर में ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई हैं और कई शहरों में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई है। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इमारतों में फंसे लोगों को राहत और बचाव एजेंसियां निकाल रही हैं।


जापान की राष्ट्रीय मीडिया एनएचके ने भूकंप के तुरंत बाद लोगों से अपने घरों से बाहर निकलने की अपील की है। एक एंकर ने कहा कि सुनामी आ रही है और लोगों को तुरंत अपने घर खाली कर देने चाहिए। उन्हें रुकना या वापस नहीं जाना चाहिए।


ताइवान में क्यों आते हैं भूकंप?

ताइवान में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। कारण यह द्वीप दो टेक्टोनिक प्लेटों के जंक्शन के पास स्थित है। सितंबर 1999 में ताइवान में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था। जिसमें 2400 लोगों की जान गई थी। यह ताइवान के सबसे घातक भूकंप में से एक था। 


जापान में हर साल आते हैं 1500 भूकंप
वहीं, जापान में हर साल लगभग 1,500 झटके महसूस होते हैं। अधिकांश भूकंप हल्के होते हैं। जापान का अब तक का सबसे बड़ा भूकंप मार्च 2011 में आया था। तब इसकी तीव्रता 9.0 तीव्रता थी। जिसके कारण सुनामी आई और लगभग 18,500 लोग मारे गए या लापता हो गए।

उस वक्त फुकुशिमा परमाणु संयंत्र में तीन रिएक्टरों को भी पिघला दिया था। वहीं, 2024 में नए साल के पहले दिन 7.5 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें 230 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी।

News World Desk

News World Desk

desk@newsworld.com

Comments

Add Comment