Thursday , May , 02 , 2024

आज मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला, दोनों टीमों को पहली जीत की तलाश

आज मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला, दोनों टीमों को पहली जीत की तलाश

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 में सोमवार यानी 1 अप्रैल को सीजन का 14वां मैच है। यह मुकाबला मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है। मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2024 में अब तक दो मैच खेले हैं और एक भी जीत नहीं पाई।

राजस्थान रॉयल्स ने भी अब तक दो मैच खेले हैं। उसने अपने दोनों मैच में जीत हासिल की है। राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2024 की अंक तालिका में तीसरे नंबर पर है, जबकि मुंबई इंडियंस सबसे निचली पायदान पर है।


जाहिर है मुंबई इंडियंस की कोशिश गृह मैदान पर राजस्थान रॉयल्स को हराकर आईपीएल 2024 की अंक तालिका में अपना खाता खोलने पर होगी। वहीं राजस्थान रॉयल्स की नजर जीत की हैट्रिक लगाकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने की होगी।


मुंबई और राजस्थान के बीच अब तक 28 आईपीएल मैच खेले गए हैं। इनमें से मुंबई इंडियंस (MI) 15 और राजस्थान रॉयल्स (RR) ने 12 में जीत हासिल की है। दोनों के बीच एक मैच टाई पर समाप्त हुआ। राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ मुंबई इंडियंस (एमआई) का अब तक का उच्चतम स्कोर 214 रन है। वहीं मुंबई इंडियंस (एमआई) के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का उच्चतम स्कोर 212 रन है।


मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स के साथ पिछले 5 में से 4 मैच जीते हैं। राजस्थान रॉयल्स ने आखिरी बार मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल 2022 में जीत हासिल की थी। वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच हुए मुकाबलों की बात करें तो अब तक 8 मैच हुए हैं। इनमें से मुंबई इंडियंस ने 5 में जीत हासिल की है।


वानखेड़े स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी के लिए काफी मुफीद मानी जाती है। यही वजह है कि यहां पर कई बार 200 से ज्यादा रन का स्कोर बना है। हालांकि, वानखेड़े स्टेडियम की पिच स्पिनर्स के लिए भी मददगार रही हैं, लेकिन छोटी बाउंड्री उनके लिए चुनौती खड़ी करती हैं। मुंबई इंडियंस का गृह मैदान पर रिकॉर्ड अच्छा है। मुंबई इंडियंस ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले 78 में से 49 मुकाबलों में जीत हासिल की है।


मैच शुरू होने पर मुंबई में तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मैच के बाद यह 27 डिग्री तक गिर सकता है। बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन आर्द्रता 73% तक रहेगी।

News World Desk

News World Desk

desk@newsworld.com

Comments

Add Comment